लॉकडाउन 3.0 में केंद्र व राज्य सरकारों ने काफी राहत दी है लेकिन कोरोनावायरस ने नहीं।यह संक्रमण अब तेजी से फैलता दिख रहा है। चंडीगढ़ में सोमवार को 5 केस आए। ये सभी बापूधाम कॉलोनी के हैं। शहर में कुल आंकड़ा 102 पहुंच गया है। हरियाणा में पहली बार एक दिन में 80 केस आए। इसके साथ ही संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 531 हो गया है। फरीदाबाद में एक पीड़ित की मौत भी हुई है। यह राज्य में छठी मौत है। हजूर साहिब से लौटे श्रद्धालुओं की वजह से पंजाब में संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को पंजाब में कुल 140 नए केस आए। इनमें 105 श्रद्धालु हैं।
राज्य में कुल आंकड़ा 1289 तक पहुंचा
राज्य में कुल आंकड़ा 1289 तक पहुंच चुका है। इनमें 828 श्रद्धालु हैं। यह कुल आंकड़े का 64 फीसदी है। नांदेड़ से कुल 4097 श्रद्धालु वापस लौटे हैं। राहत की बात ये है कि सभी क्वारेंटाइन हैं। ये आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है क्योंकि 6018 लोगों की रिपोर्ट अभी पेंडिंग है। होशियारपुर के एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। यह राज्य में 24वीं मौत है। वहीं हिमाचल को सोमवार को कोरोना फ्री घोषित करना था लेकिन जोगेंद्रनगर में एक व्यक्ति पॉजिटिव निकल आया। ये व्यक्ति 29 अप्रैल को दिल्ली से पहुंचा था।
राज्य में 4097 श्रद्धालु आए, अब तक 64 फीसदी संक्रमित पाए गए
राज्य में सोमवार को 107 नए केस आए। इससे संक्रमितों की संख्या अब 1289 हो गई है। इनमें 828 श्री हजूर साहिब से लौटे श्रद्धालु हैं। यानी 64% श्रद्धालु पॉजिटिव हैं। सूबे के विभिन्न जिलों से लिए आंकड़ों के मुताबिक 4,222 लोग नांदेड़ साहिब से लौटे हैं। इनमें 1800 के करीब की रिपोर्ट पेंडिंग है। हालांकि राहत वाली है कि सभी श्रद्धालुओं को क्वारेंटाइन कर लिया है। इस कारण काेरोना के फैलाव की कम आशंका है।
उधर, अमृतसर में होशियारपुर निवासी महेश कुमार (55) की मौत हो गई। उन्हें सांस लेने की दिक्कत थी। प्रदेश में अब तक 24 मौतें हो चुकी हैं। सोमवार को सबसे ज्यादा केस संगरूर में 52 आए। सभी श्रद्धालु हैं। लुधियाना में16, फिरोजपुर में 13 लोग संक्रमित पाए गए। राजपुरा में आढ़ती के बेटे और फतेहगढ़ साहिब में गुरदासपुर के बस ड्राइवर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फरीदकोट में 12 लोग संक्रमित पाए गए।
सोनीपत में 26, अंबाला में 23 समेत 80 संक्रमित, एक व्यक्ति की मौत
हरियाणा में 2 दिन से कोरोनावायरस के केस अचानक तेजी से बढ़े हैं। सोमवार को एक ही दिन में 80 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, लगातार दूसरे दिन एक और मरीज की मौत हो गई। यह मौत फरीदाबाद में हुई है। राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 531 पर पहुंच गया है। फिलहाल एक्टिव 270 पेशेंट में 219 मरीज पिछले 6 दिन में ही मिले हैं। यानी हर दिन औसतन 36.33 केस आए। सोनीपत में 26, अम्बाला में 23, झज्जर में 14, गुड़गांव में 11, करनाल व फरीदाबाद में 2-2, पानीपत व नूंह में 1-1 नया पॉजिटिव केस आया। गुड़गांव में 9 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 254 हो गई है।
प्रदेश में ठीक होने का प्रतिशत 72% पर पहुंच गया
प्रदेश में ठीक होने का प्रतिशत 72% पर पहुंच गया था, जो पिछले 6 दिन में गिरकर 47.8% पर आ गया है। जबकि इस अवधि में दो लोगों की मौत हो गई है। उधर, सोमवार से लॉकडाउन में छूट दी गई है। इससे इंडस्ट्री का चक्का घूमने लगा। दुकानें भी खुलीं, लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हुआ। करनाल समेत कई शहरों में तो जाम की स्थित बन गई। अब शाम 7 से सुबह 7 बजे तक प्रदेश में कर्फ्यू रहेगा। धारा-144 भी लागू रहेगी। ताकि सुबह जल्दी व शाम के बाद कोई बाहर न निकल सके। मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने सभी डीसी-एसपी को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
87 फीसदी एक्टिव कोरोना संक्रमित 6 जिलों में, चार और जिले आ सकते हैं रेड जोन में
राज्य में अभी तक सोनीपत व फरीदाबाद को ही केंद्र सरकार ने रेड जोन माना है। लेकिन अब झज्जर, सोनीपत, अम्बाला, पानीपत भी रेड जोन में आ सकते हैं। हालांकि, इसकी घोषणा केंद्र सरकार ही करेगी। प्रदेश के कुल 270 एक्टिव पेशेंट में से 236 यानी 87% मरीज इन 6 जिलों में ही हैं।

Post a Comment