हिसार .कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रदेश सरकार के निर्देश पर हिसार जिले को 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया है। मगर लॉकडाउन से आप घबराएं नहीं। क्योंकि आपको जीवन के लिए जरूरी चीजें मिलती रहेंगी। राशन, सब्जी, दूध, फल व दवाओं से संबंधित सभी दुकानें खुली रहेंगी। इसके अलावा शेष पर ताला रहेगा। बिना किसी कारण न तो आप घर से निकल पाएंगे और ना ही जिले से। 5 लाेगाें से ज्यादा एकत्रित नहीं हो सकते। चौक चौराहों पर पुलिस तैनात रहेगी। बैंक-एटीएम, सब्जीमंडी, प्राइवेट अस्पताल, पेट्रोल पंप खुले रहेंगे। घर से बाहर निकलने वालों को चौक चौराहों पर तैनात पुलिस कारण पूछेगी। आपको ठोस कारण बताना पड़ेगा जैसे की सब्जी लानी है दूध लाना है या फिर अस्पताल जाना है।

वहीं सब्जी मंडी एसेसिएशन की साेमवार काे बैठक आयोजित की गई। बैठक में काेराेना की दहशत के चलते सब्जी मंडी काे बंद नहीं करने का निर्णय लिया। निर्णय लिया गया कि जब तक मंडी में माल है, बिक्री की जाती रहेगी। हालांकि ग्राहकाें की भीड़ एकत्रित नहीं हाेने दी जाएगी।

एसपी गंगाराम पूनिया ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अपने घरों में सुरक्षित रहें। बेवजह घरों से बाहर न निकले। कोविड-19 को देखते हुए राजस्थान सीमा को तीन जगह से सील कर दिया है। यहां नाका लगाकर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए हैं। सिर्फ आपात स्थिति और आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई को छूट होगी।

जिंदगी से जुड़ी जरूरी चीजें... जो मिलेंगी पढ़िए...
सभी किरयाणा की दुकानें, दूध डेयरियां, मेडिकल स्टोर, चश्मे की दुकान, सभी सरकारी व प्राइवेट अस्पताल, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियां। गैस एजेंसी संचालक धमेंद्र गोयल ने बताया कि एजेंसियां खुली रहेंगी और होम डिलीवरी भी सामान्य दिनों की भांति रहेंगी।

सवाल: कौन-कौन सी सेवाएं रहेंगी बहाल... पढ़िए
  • बिजली : बिजली की सेवाएं सुचारू रहेंगी। किसी शिकायत के लिए 1912 हेल्पलाइन नंबर व संबंधित अधिकारियों को कॉल की जा सकती है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 18001804334 पर शिकायत कर सकते हैं। कर्मचारी फील्ड की सेवाएं देते रहेंगे।
  • पानी : जनस्वास्थ्य विभाग व हुडा यानी एचएसवीपी की पानी की सप्लाई सामान्य दिनों की भांति रहेगी। यानी आपके घर पानी व सीवरेज संबंधित सेवाएं जारी रहेंगी।
  • सफाई सेवा : नगर निगम की सफाई कर्मचारियों की सेवा पहले की तरह सुचारू रहेगी। यानि आपके घर से कूड़ा उठेगा। नगर पालिका कर्मचारी संघ ईकाई हिसार के प्रधान प्रवीन कुमार ने बताया कि हर रोज की तरह कर्मचारी सफाई करेगा और कूड़ा भी उठाएगा।
  • सब्जी मंडी : सब्जी मंडी में किसान सब्जियां बेच सकेंगे और लोग फल व सब्जियां खरीद सकेंगे।
सवाल : क्या रहेगा बंदपढ़िए.. जवाब
  • ट्रांसपोर्ट : प्राइवेट व सरकारी बसें फिलहाल बंद हैं। टैक्सी ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा व रेल बंद रहेंगी।
  • बाजार : बाजार बंद रहेंगे चाहे वे कपड़े के हो या बर्तन के या फिर कोई अन्य बाजार।
  • दफ्तर : किसी भी तरह का कोई कार्यालय खुला नहीं रहेगा।
  • अस्पताल : सरकारी अस्पतालों में ओपीडी बंद रहेगी इमरजेंसी सेवाएं ही चालू रहेंगी।
  • इंडस्ट्री : इंडस्ट्री बंद रहेगी, ऑटो वर्कशॉप व गोदाम बंद रहेंगे।
  • होटल रेस्टोरेंट : डाइनिंग टेबल वाले होटल रेस्टोरेंट बंद।
  • दिव्यांग पुनर्वास केंद्र: वनवासी कल्याण आश्रम के प्रांतीय सचिव, दिव्यांग पुनर्वास स्वास्थ्य और प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के अध्यक्ष रामनिवास अग्रवाल ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए लोगों की आवाजाही रोकने और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिव्यांग केंद्र की सेवाएं 31 मार्च तक बंद रहेंगी।
  • सख्ती राजस्थान सीमा सील, सिर्फ आपातकाल व जरूरी चीजों पर छूट
कोरोना वायरस को हिसार में आने से रोकने के लिए पुलिस विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए राजस्थान सीमा से सटे चुली मोड़, मोढा खेड़ा और बालसमंद बाॅर्डर पर नाका लगाया है। यहां से आने-जाने पर प्रतिबंध रहेगा। सिर्फ वही आ-जा सकेंगे, जिन्होंने आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई करनी है या फिर किसी इमरजेंसी केस में रिश्तेदार या फिर अपने घर लौटना है। तीनों ही नाकों पर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए हैं। इस नाकाबंदी से प्रयास रहेगा कि लॉक डाउन की स्थिति में ट्रेवलिंग से बढ़ने वाली भीड़ को कम किया जा सके। पंजाब की सीमाओं पर भी नाकाबंदी हो सकती है।

एसपी के निर्देश : 5 या पांच से ज्यादा लोग इकट्ठे मिले तो होगी कार्रवाई, फैक्ट्री गोदाम रहेंगे बंद

1. किसी भी जगह पर अनावश्यक भीड़ न करें। 5 या 5 से अधिक व्यक्तियों के इकट्ठे होने पर प्रतिबंध रहेगा। लॉकडाउन के तहत सिर्फ आवश्यक वस्तुओं को लाने और ले जाने वाले या आवश्यक/आपातकालीन सेवाओ वाले वाहन ही चलेंगे।

2. आवश्यक सामग्री की दुकानें खुलेगी, बाकी बाजार, फैक्ट्री, गोदाम इत्यादि बंद रहेंगे। सभी थाना प्रबंधकों व चौकी प्रभारी को निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अतः आमजन अपने घरों में रहे।

3. अनावश्यक बाहर न घूमें। अगर किसी को घर में जरूरी सामान कि जरूरत है तो घर का एक सदस्य ही बाहर जाएं। किसी भी प्रकार की भाम्रक अफवाहों से बचें।

4. पुलिस से संबंधित शिकायत के लिए हरसमय पोर्टल, ईमेल sphsr@hry.nic.in का प्रयोग करें। महिला विरुद्ध अपराध की शिकायत 1091 हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं। पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 100 या 01662-237150 पर संपर्क करें।

लॉक डाउन को हल्के में न लें, हो सकती है आपको परेशानी


हिसार. कोरोना वायरस के चलते विद्युत नगर एक नंबर गेट के बाहर लगाया गया फ्लेक्स।


Post a Comment

Previous Post Next Post