अड्डा मार्केट व्यापार मंडल की प्रधानगी को लेकर मार्केट के दुकानदार दो फाड़ हो गए हैं। एक धड़ा मौजूदा प्रधान को पद से उतारने का दावा कर रहा है जबकि दूसरे धड़े ने दुकानदारों को दिए संदेश में पहले प्रधान को मानने का दावा किया है।पहले धड़े के दुकानदारों ने प्रेस नोट जारी करके जानकारी दी है कि शनिवार देर शाम अड्डा मार्केट के दुकानदारों ने मार्केट के व्यापारी कुलदीप सिंह की अगुवाई में कलगीधर गुरुद्वारा में मीटिंग की। यहां पर सभी ने एक मत में कहा कि 12 साल से राजेश चौधरी अड्डा मार्केट के प्रधान हैं। चौधरी ने कभी भी प्रधान होने के नाते दुकानदारों की सार नही ली और लंबे समय से कोई मीटिंग भी नहीं बुलाई।
कोरोना वायरस के चलते मार्केट में दुकानें खोलने के लिए राजेश चौधरी को प्रशासन से तालमेल बनाकर कार्य करना चाहिए था जो उन्होंने नहीं किया। इसके चलते दुकानदारों में रोष है। इसे देखते हुए पिछली कार्यकारिणी को भंग किया जाता है औरअड्डा मार्केट व्यापार मंडल का काम देखने के लिए कुलदीप सिंह की अध्यक्षता में 11 मेंबरी कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी कोरोना वायरस महामारी के खात्मे तक व्यापार मंडल का काम देखेगी और प्रशासन से दुकानदारों की समस्याएं को लेकर संपर्क रखेगी।
कोरोना वायरस के खात्मे के बाद यह कमेटी नए प्रधान की नियुक्ति करेगी। कमेटी में 11 मेंबर कुलदीप सिंह के अलावा श्याम गुलाटी, कमरजीत सिंह, मुल्क राज चावला, डॉ. सत्यार्थी शर्मा, जीतराम शर्मा, जसपाल सिंह, हरवंत सिंह मक्कड़, लाला तरसेम लाल सैनी, राकेश चोपड़ा, भूपेंद्र सिंह टिक्का को शामिल किया है।वहीं, दूसरे गुट में अड्डा मार्केट व्यापार मंडल के प्रधान राजेश चौधरी ने सरपरस्त जत्थेदार जगदेव सिंह कुक्कू समेत अपने समर्थकों से मिलकर दुकानदारों को लिखित व सोशल साइट पर संदेश दिया है कि प्रधानगी उनके पास ही है।
कुछ लोग सत्ता के रसूख के चलते कर रहे गुमराह : राजेश
चौधरी ने कहा कि कि सभी दुकानदार उनके साथ हैं। कुछ लोग सत्ता के रसूख चलते दुकानदारों व प्रशासन को गुमराह कर रहे हैं। जबकि वह दूसरे व्यापार मंडलों के प्रधानों के साथ मिलकर दुकानदारों की दुकानें खुलवाने के लिए प्रशासन से संपर्क कर रहे हैं। चौधरी ने कहा कि व्यापार मंडल भंग करने का अधिकार किसी को नहीं है। वह सदैव दुकानदारों की समस्याओं के समाधान के प्रयास करते रहे हैं। व्यापार मंडल ने उनकी सेवाओं को देखते हुए अध्यक्ष बनाया।
किसी के विरोध में नहीं, व्यापार मंडल बेहतर तरीके से चले : डॉ. सत्यार्थी
वहीं, अड्डा मार्केट व्यापार मंडल के नए धड़े ने जहां डाॅ. सत्यार्थी को 11 मेंबरी कमेटी में शामिल किया है, वहीं दूसरे धड़े ने बयान में डॉ. सत्यार्थी का नाम लिखा कि उन्होंने राजेश चौधरी की प्रधानगी में विश्वास जताया है। इसके बारे में डॉ. सत्यार्थी शर्मा ने कहा कि वह नए धड़े की मीटिंग में शामिल हुए थे। यहां पर प्रधान पद की नियुक्ति की प्रक्रिया का विरोध किया था। फिर 11 मेंबरी कमेटी का गठन किया गया। यह कमेटी अड्डा मार्केट व्यापार मंडल को बेहतर तरीके से चलाने पर विचार करेगी और देखेगी कि प्रधानगी को लेकर क्या करना है। बाकी राजेश चौधरी और टोनी सहगल उनके मित्र हैं। वह किसी के विरोध में नहीं। चाहता हूं कि दोनों एक मंच पर आएं।

إرسال تعليق