दो दिन पूर्व शराब तस्करी करते पकड़ा गया दुर्ग जिले के पाटन थाना के एसआई को दुर्ग एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उसकी विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि एसआई शराब तस्करी करने जाने अपने बेटे की तबियत खराब व अस्पताल में भर्ती होने का बहाना बनाया था।
चारामा पुलिस ने 27 अप्रैल की रात मचांदूर नाका में मुखबिर की सूचना पर एक कार को रोका था। इसमें महुआ शराब तस्करी करते पाटन थाना के सब इंस्पेक्टर देवानंद पटेल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से कुल 55 लीटर महुआ शराब जब्त की गई थी।
एसआई कांकेर से शराब लेकर दुर्ग में ब्लैक में बेचता था। एसआई के खिलाफ मामला बनने के बाद दुर्ग पुलिस ने उसे सस्पेंड कर दिया।
इस मामले की दुर्ग पुलिस द्वारा की गई जांच में यह बात सामने आई है कि 27 अप्रैल को दिन भर ड्यूटी करने के बाद एसआई शराब लाने कांकेर चला गया था।
एसआई ने कांकेर जाने की जानकारी अपने थाना प्रभारी को नहीं दी थी। एसआई ने थाना में पदस्थ अपने साथियों को बताया था कि उसके बेटे की तबियत खराब है। जिसे रायपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे वह देखने जा रहा है।
कांकेर में शराब तस्करी में पकड़े जाने के बाद दुर्ग पुलिस ने इसकी जांच की तो कोविड-19 की विशेष ड्यूटी के दौरान उक्त एसआई मुख्यालय से अनुपस्थित मिला। इसके बाद चारामा में पकड़े जाने के बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया।
विदित हो कि चारामा पुलिस ने एसआई के अलावा तरूण ऊर्फ पप्पु लहरी, कृष्ण बंछोरमटिया तथा टी प्रकाश चंद्राकर ऊर्फ बल्ला तीनों साकिन सांकरा पाटन जिला दुर्ग के खिलाफ भी अपराध पंजीबद्ध किया है।

إرسال تعليق