मॉडीफाइड लॉकडाउन के पहले दिन स्थानीय प्रशासन ने किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती। दो दिन पूर्व मिले कोरोना पॉजीटिव मरीज के चलते सावधानी बरतते हुए प्रशासन की ओर से सोमवार को भी सख्ती दिखाई गई। शहर में आवश्यक वस्तुओं से जुड़ी दुकानों के अलावा टायर-पंक्चर की दुकानों ही खुली हुई नजर आईं। सोमवार को शहर के रेस्टोरेंट भी पूरी तरह से बंद ही रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से सोमवार को शहर में बेवजह घूमने वालाें पर सख्ती दिखाई और उनके वाहन जब्त किए।
शहर के बाजारों में मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर सहित फल व सब्जी के ठेले से लगातार लोगों को सामान मिलना जारी है जिससे को आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं हो रही है। प्रशासन व पुलिस की ओर से लगातार शहर में लॉकडाउन के तहत बताए गए निर्देशों की पालना कराई जा रही है। इसी के साथ ही प्रशासन व सामाजिक संगठनों की ओर से शहर व ग्रामीण इलाकों के विभिन्न विद्यालयों व अन्य स्थानों पर ठहराए गए मजदूरों व चिंहित किए गए लोगों को लगातार भोजन की व्यवस्था करवाई जा रही है।
गिने चुने सरकारी कार्यालयों में आए कर्मचारी
लॉकडाउन के दौरान सरकार की ओर से ऐसे सरकारी कार्यालयों को ही खोलने के आदेश हैं जो बेहद जरुरी सेवाओं से जुड़े हैं। रविवार देर रात राज्य सरकार की ओर से अपने आदेश वापस लेने के बाद सोमवार को ज्यादातर सरकारी कार्यालय पहले की तरह बंद ही रहे। हालांकि शहर के निगम व अन्य जरुरी सेवाओं से जुड़े कार्यालय पूर्व की तरह ही खुले रहे।
पुलिस ने जब्त किए वाहन
सोमवार को शुरू हुए मॉडीफाइड लॉकडाउन को लेकर यह कयास लगाए जा रहे थे कि इसमें कुछ छूट मिलेगी मगर पुलिस ने उल्टा सख्ती दिखाते हुए बिना पास वाले वाहनों को बड़ी संख्या में जब्त किया। थाना प्रभारी रमेंद्र सिंह हाड़ा ने नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि ऐसे वाहन धारक जिनके पास वाहन संबंधी पास नहीं है उन्हें जब्त करें। इसके साथ ही थाना प्रभारी खुद भी टीम के साथ विभिन्न नाकों पर पहुंचे और बिना पास के घूमने वाले ऐसे वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। विभिन्न नाकों से कुल 102 वाहनों को जब्त किया गया। इनमें 10 फोर व्हीलर भी शामिल हैं।
हाड़ा ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे लॉकडाउन की पालना करें, बिना पास वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा। फिर चाहे कोई किराना सामग्री ला रहा हो या दवा लेकर आ रहा हो। जिन्हें छूट मिली वे भी नियमों की पूरी तरह पालना करें, यदि किसी ने व्यवस्था प्रभावित की तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Click here to see more details

إرسال تعليق