बस्तर में काेराेना ने आखिर दस्तक दे ही दी। जगदलपुर से 30 किमी दूर धनपुंजी चेकपाेस्ट पर रैपिड किट से जांच में एक ट्रक ड्राइवर पॉजिटिव मिला, खलासी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दोनों को संदिग्ध मानते हुए तत्काल मेकॉज में भर्ती कराया गया है। यहां पॉलीमरेज चेन रिएक्शन (पीसीआर) टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया है। गुरुवार की देर रात तक इसकी रिपोर्ट आने का इंतजार है।
आंध्र के मूल निवासी ड्राइवर और खलासी तीन दिन पहले आंध्र से निकलकर ओडिशा होते हुए छत्तीसगढ़ बॉर्डर गुरुवार की सुबह 10 बजे पहुंचे थे। जहां रैपिड किट से उनकी जांच की गई। रैपिड किट से जांच में बस्तर का पहला पॉजिटिव केस मिलने के बाद से प्रशासन और अलर्ट हो गया है। एहतियातन दोपहर बाद से धनपुंजी बॉर्डर पूरी तरह सील कर दिया गया, गाड़ियों को कतार में खड़ा कर सैनिटाइज किया जा रहा है। अब रैपिड किट से जांच के बाद ही आगे जाने दिया जाएगा।
10 किमी पहले ही खड़ी करवा दी गईं गाड़ियां
गुरुवार सुबह ओडिशा की ओर से ट्रक आया, इसके ड्राइवर और खलासी की रैपिड किट से जांच की गई। ड्राइवर पॉजिटिव मिला, जबकि खलासी निगेटिव मिला है। चेकपोस्ट पर तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम के मुताबिक ड्राइवर में कोराेना के लक्षण भी देखे गये हैं। खलासी उसके साथ ही था, इसलिए उसके भी संक्रमित होने की आशंका है। मेकॉज के अधीक्षक डॉ. केएल आजाद ने बताया कि दोनों की पीसीआर रिपोर्ट देर रात तक आ जायेगी। दोनों को आइसोलेट ही रखा गया है। इधर बॉर्डर पर प्रशासन और पुलिस की टीम दिनभर तैनात रही। बॉर्डर के दोनों ओर दस-दस किमी पहले गाड़ियों को खड़ा करवा दिया गया है। छत्तीसगढ़ से ओडिशा जाने वाली गाड़ियां सेमरा के पास रोकी जा रही हैं। आेडिशा के कोरापुट में भी दो दिनों पहले एक पॉजिटिव मरीज मिला था। जिसे भुवनेश्वर ले जाया गया है। इसके बाद से बॉर्डर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अभी तक मेडिकल कॉलेज में करीब 21 सौ से ज्यादा कोरोना टेस्ट किये गये थे, इन सबकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
880 किट पहुंची, 16 लोगों की जांच भी हुई
बस्तर में 880 रैपिड किट पहुंची है। सीएमएचओ डॉ. आरके चतुर्वेदी ने बताया कि इस किट से जो जांच होगी उसकी रिपोर्ट को आईसीएमआर मान्यता देता है। ये किट बिल्कुल वैसे ही हैं जैसे मलेरिया और अन्य बीमारियों की जांच के लिए होती हैं। इसमें खून की एक बूंद डालने के बाद काेरोना की रिपोर्ट कुछ ही देर में आ जाती है। अभी रैपिड किट का प्रयोग बॉर्डर के चेक पोस्ट पर किया जा रहा है। बाहर से आने वालों की जांच भी इसी से की जायेगी। यह किट दो दिनों पहले ही बस्तर पहुंच गई थी लेकिन दिशा-निर्देशों के इंतजार में इसका उपयोग नहीं किया जा रहा था। खबर लिखे जाने तक तक इससे 16 लोगों की जांच की गई है, इनमें से 15 की रिपोर्ट निगेटिव और एक की पॉजिटिव आई है।

إرسال تعليق