आमाबेड़ा के बीहड़ों के तीन गांवों में राहत सामग्री के 23 पैकेट बांटने अफसर तामझाम के साथ 9 गाड़ियों में पहुंचे। क्षेत्र के नागरबेडा में चार पैकेट, पुपगांव में ग्यारह और आमाबेड़ा में आठ पैकेट राहत सामग्री बांटी गई। राहत सामग्री का इंतजाम अधिकारियों द्वारा स्वयं के पैसों से किया गया था।
बुधवार को शासन और प्रशासन, अंतागढ विधायक अनूप नाग कोराना वायरस से बचाव के लिए मास्क एवं गरीबों को राहत सामग्री बांटने आमाबेडा क्षेत्र के नागरबेडा, पुपगांव, सेमरगांव पहुंचे। सेमरगांव में मजदूरों को मास्क वितरण किया। नागरबेडा एवं पुपगांव में वनोपज खरीदी कर रही महिला स्व-सहायता समूहों से ग्रामीणों द्वारा बेचे गए महुआ के दाम 17 रुपए से बढाकर 30 रुपए देने के लिए कहा गया।
लोगों ने की नई एंबुलेंस 108 की मांग
विधायक अनूप नाग सभी अधिकारियों के साथ आमाबेडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। मरीजों से मिले अस्पताल के क र्मचारियों एवं जनपद उपाध्यक्ष भवन जैन, सरपंच आमाबेडा लोकेश बघेल एवं स्थानीय अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आमाबेडा की एंबुलेंस खराब होने पर नई 108 वाहन देने एवं डाक्टर की मांग की। राहत सामग्री बांटने के दौरान निराश्रित पेंशनधारियों ने पेंशन सात माह से नहीं मिलने की शिकायत की। सीईओ प्रफुल्ल गुप्ता ने बताया कि जिला पंचायत से सीधे पेंशनधारियों के खाते में राशि डाल दी जाती है।

إرسال تعليق