पहले चरण का लॉकडाउन खत्म होने के अंतिम दिन शहर पर कोरोना वायरस का कहर बरपा। मंगलवार को एक ही दिन में 6 पॉजिटिव सामने आए। इनमें से एक के सैंपल की रिपोर्ट सुबह, जबकि 5 की देर रात मिली।
इनमें से दो सैंपल रेंडम जांच यानी सावधानी के तौर पर लिए गए थे। शुक्रवार रात मोचीपुरा निवासी फुटवियर व्यापारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
इस तरह शहर के 7 लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण मिल चुका है। एक दिन में इतनी बड़ी संख्या कोरोना संक्रमित सामने आने के बाद सरकारी अमले में हड़कंप मच गया। संभवत: आशंका पहले से ही थी इसलिए मंगलवार को दूसरे चरण के लॉकडाउन की योजना में शहर को कोई छूट नहीं दी गई।
मंगलवार को आई रिपोर्ट में सामने आए 6 पॉजिटिव
पहली- मंगलवार को पहली पॉजिटिव रिपोर्ट इंदौर में 9वीं में पढ़ने वाले किशोर (17) की आई। वह इंदौर से लाकर दफनाए मृतक मोहम्मद कादरी का बेटा है। परिवार के अन्य सदस्यों की रिपोर्ट आना बाकी।
दूसरी- बोहरा बाखल, सैफी मोहल्ला निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग।
तीसरी- कंटेनमेंट क्षेत्र मोचीपुरा के पास रहने वाली 22 वर्षीय युवती।
चौथी- जवाहर नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग।
पाचवीं- नागदा निवासी 2 व्यक्ति, जो इलाज के लिए जिला अस्पताल आए थे।
रात 2 बजे सर्चिंग शुरू, आज संक्रमित क्षेत्रों में घर-घर सर्वे
देर रात 6 सैंपल की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग एक्शन में आ गया है। रात 2 बजे से ही संक्रमितों के इलाकों में सर्चिंग शुरू कर दी। एपेडेमियोलॉजिस्ट डॉ. प्रमोद प्रजापति ने सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आने की पुष्टि करते हुए रात में टीम तैयारी कर ली है।
बुधवार को सभी संक्रमित मरीजों के इलाकों में घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा। प्रशासन नियमानुसार दो या तीन इलाकों को कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित कर सकता है। 8 अप्रैल को लोहार रोड और 11 अप्रैल को मोचीपुरा को कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित किया जा चुका है।
सात मरीजों के सैंपल लिए, पैरामेडिकल स्टाफ भी शामिल
एपेडेमियोलॉजिस्ट डॉ. प्रमोद प्रजापति ने बताया मंगलवार को सात और लोगों के सैंपल लिए हैं। इनमें मोचीपुरा में मिले कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए कुछ पैरामेडिकल स्टाफ के भी है। बुधवार से फिर दोनों कंटेनमेंट एरिया में सर्वे किया जाएगा।
मंदसौर में पॉजिटिव मिली महिला का पति पिपलौदा में अकाउंटेंट
मंदसौर में कोरोना पॉजिटिव मिली महिला का का पति पिपलौदा के कॉलेज में अकाउंटेंट होकर अप-डाउन करता था। आखिरी बार 1 अप्रैल को पिपलौदा आया था। उस दौरान पिपलौदा के दो परिवार से मिला था। ऐसे में दोनों परिवार को आइसोलेट कर दिया है।
Click here to see more details



Post a Comment