मौसम बदलते ही तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। मंगलवार अप्रैल माह का सबसे गर्म दिन रहा। इस दौरान तापमान 41.4 डिग्री दर्ज किया गया जो अब तक सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दिन की तरह रात का तापमान भी 24.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा।
मंगलवार को अधिकतम तापमान सुबह से निकली चटक धूप की वजह से सोमवार की तुलना में .4 डिग्री अधिक रहा। दोपहर तक तेज धूप के बाद शाम के समय बादल छा गए। इससे शाम को गर्माहट से राहत मिल गई। सोमवार को उत्तर-पश्चिमी हवा 6 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। लेकिन इससे तापमान पर कोई असर नहीं पड़ा।
अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 17 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, इससे अंचल में बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में भी मामूली गिरावट आ सकती है।
आगे क्या: 17 को अंचल में हो सकती है बूंदाबांदी
मौसम वैज्ञानिक डाॅ. एसएस तोमर के अनुसार अभी तापमान और बढ़ेगा। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के असर से 17 अप्रैल को अंचल के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है। अगर बारिश होती है तो समर्थन मूल्य पर खरीदी के अलावा किसानों का खेतों और खलिहानों में रखा गेहूं खराब हो सकता है।
Click here to see more details



Post a Comment