कोरोना वायरस के चलते लगे कर्फ्यू के कारण मोरिंडा में 8 लोगों की अस्थियां विसर्जन के इंतजार में श्मशानघाट की अलमारी में पड़ी हैं। इनमें ज्यादातर लोगों की अंतिम अरदास और भोग भी डाला जा चुका है लेकिन कर्फ्यू के चलते दूसरे राज्यों न जा सकने के कारण अस्थियां प्रवाहित नहीं हो पाई। आप पार्टी के हलका इंचार्ज डाॅ. चरनजीत सिंह ने कहा कि सरकार और प्रशासन को लोगों की भावनाओं को देखते हुए परिवार के 2 सदस्यों को अस्थियां विसर्जन करने की परमिशन देनी चाहिए।
5 लोगों के भोग भी डाले जा चुके : अशोक
श्मशानघाट के आचार्य अशोक कुमार ने बताया कि श्मशानघाट में कुल 8 लोगों की अस्थियां पड़ी हैं। इनमें से 5 के भोग भी डाले जा चुके हैं। सबसे पहले रखी 2 व्यक्तियों की अस्थियों को यहां पर पड़े करीब 1 महीना हो चुका है। हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार मृत्यों के बाद अस्थियां गंगा में विसर्जित करने के बाद ही आत्मा की मुक्ति समझी जाती है।
इंटर स्टेट जाना मुश्किल, इंतजार करना होगा : डीसी
इस संबंधी डीसी रोपड़ सोनाली गिरि ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को दूसरे राज्य में नहीं जाने दिया जा रहा, क्योंकि वहां पर इंटर स्टेट लोगों को क्वारेंटाइन कर लिया जाएगा और 14 दिनों के लिए उन्हें वहीं रहना पड़ जाएगा। अच्छा है कि लोग लॉकडाउन खत्म होने का इंतजार करें।

Post a Comment