कोरोना संकट को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में दस बाइपेप मशीनें खरीदी जाएंगी। इसके लिए कलेक्टर अविचल चतुर्वेदी ने स्वीकृति जारी कर दी। बाइपेप मशीन आइसोलेशन में वेंटीलेटर का काम करेंगी।
दस बाइपेप मशीनों में जिला अस्पताल में चार, सीएचसी लालसोट, बांदीकुई व महवा में दो-दो मशीनें दी जाएंगी। ये मशीनें वेंटीलेटर का काम करेंगी। मशीनें आने से कोरोना संक्रमित मरीज को इसकी सुविधा मिल सकेगी। जिला अस्पताल के अलावा लालसोट सीएचसी में भी कोरोना संदिग्धों के सैंपल लिए जा रहे हैं। अब बांदीकुई व महवा सीएचसी में भी सैंपल लिए जाएंगे।
इसके लिए फिजिशियन व लैब टैक्नीशियनों की ड्यूटी लगा दी। वीसी के जरिए फील्ड स्टॉफ को प्रशिक्षण दे दिया। गौरतलब है कि जिले में कोरोना संदिग्धाें की संख्या बढ़ती जा रही है।
जिला अस्पताल व तीनों सीएचसी में कोरोना संदिग्धों के सैंपल लिए जा रहे हैं। जिले में अब तक 11 कोरोना पॉजिटिव आए हैं।
हालाकि इनमें से जिला अस्पताल में एक ही मरीज को भर्ती किया गया है। दस मरीजों को जयपुर रेफर किया गया है। बाइपेप मशीन आने से कोरोना संक्रमित को वेंटीलेटर की सुविधा मिल सकेगा। सीएमएचओ डॉ. पी. एम. वर्मा का कहना है कि दस बाइपेप मशीन व 10 मल्टी पैरा मॉनिटर खरीदे जाएंगे। क्वारेंटाइन व आइसोलेशन वार्ड में भर्ती लोगों के लिए पानी की 10 हजार बोतलें खरीदी जाएंगी।
10 मल्टी पैरामॉनिटर भी आएंगे
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाइपेप मशीनों के साथ मल्टी पैरामॉनिटर भी खरीदे जाएंगे। इनमें जिला अस्पताल में चार, लालसोट, बांदीकुई व महवा सीएचसी में दो-दो मल्टी पैरामॉनिटर भी दिए जाएंगे। मल्टी पैरामॉनिटर लगाने से सीरियस मरीज की कंडीशन के बारे में पता चल सकेगा।
कोरोना से जंग जीतने के लिए जिले में 343 डॉक्टर सहित 1068 चिकित्साकर्मी जुटे
कोरोना से जंग जीतने के लिए जिले में 343 डॉक्टर सहित 1068 चिकित्साकर्मी जुटे हुए हैं। इनमें 242 डॉक्टर, 330 एएनएम, 277 जीएनएन, लैब टैक्नीशियन 48, आयुष डॉक्टर 101, कंपाउंडर 70 लगे हुए हैं। डॉक्टर व स्टॉफ साप्ताहिक अवकाश रद्द कर कोरोना से जंग जीतने में लगे हुए हैं। जिले में 1 हजार 296 आशा भी सर्वे में लगी हुई है। 31 एंबुलेंस भी लगा रखी हैं। इनमें 13 एंबुलेंस 108, 12 एंबुलेंस 104, 3 बेस एंबुलेंस, व निजी अस्पतालों की तीन एंबुलेंस लगा रखी हैं।
Click here to see more details



إرسال تعليق