हिंदपीढ़ी में दूसरी कोरोना पॉजिटिव महिला मिलने के बाद पूरे हिंदपीढ़ी इलाके को 72 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। यह जानकारी सोमवार को डीसी राय महिमापत रे और एसएसपी अनीश गुप्ता ने गुरुनानक स्कूल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी। डीसी ने बताया कि हिंदपीढ़ी आने वाली सभी 15 इंट्री व एक्जिट प्वाइंट बंद कर दिए गए हैं। कोई भी मूवमेंट नहीं होगा। किसी को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। अगर कोई बाहर पकड़ा जाता है तो धारा-188 के तहत कार्रवाई होगी। दोबारा गलती करने पर जेल भी भेजा जाएगा। वाहन पकड़ा जाता है तो उसे जब्त कर लिया जाएगा।
वहीं, गुरुनानक स्कूल में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है। यह 24 घंटे एक्टिव रहेगा। सेंटर में दो एंबुलेंस भी डॉक्टरों की टीम के साथ रहेगी। ताकि किसी को मेडिकल हेल्प चाहिए तो घर पर ही उन्हें सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
स्ट्रीटवाइज लगाए गए हैं वॉलेंटियर्स
72 घंटे सील के दौरान हिंदपीढ़ी निवासी को खाद्य सामग्री, दवा या अन्य सामान की दिक्कत न हो इसके लिए वॉलेंटियर्स नियुक्त किए गए हैं। 75 वॉलेंटियर की लिस्ट बनी है। यह लिस्ट स्ट्रीटवाइज तैयार की गई है। जिला प्रशासन इन वॉलेंटियर्स की मदद से ही घर-घर में जरूरत का सामान उपलब्ध कराएगा। वॉलेंटियर्स को जिला प्रशासन पास जारी करेगा।
फिर 3 किमी एरिया होगा सेनिटाइज रेनकोट पहन कर्मियों ने की सफाई
रांची | हिंदपीढ़ी के नाला रोड में सोमवार को एक और करोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद शहर में हड़कंप है। वहीं, रांची नगर निगम भी परेशान है। नगर आयुक्त ने पूरे हिंदपीढ़ी क्षेत्र को फिर सेनिटाइज करने का आदेश दिया है। 24 घंटे में हिंदपीढ़ी के 3 किमी पूरे क्षेत्र को सेनिटाइज करना है। आदेश के बाद निगम के सफाईकर्मियों ने वार्ड 23 के पीपी कंपाउंड, नाला रोड, ग्वाला टोली चौक के हर घर को सेनिटाइज किया। इस दौरान निगम के कर्मी रेनकोट पहने हुए थे। क्योंकि उन्हें भी कोरोना का डर है। वार्ड 22 को सेनिटाइज नहीं किया। क्योंकि यहां के पार्षद पति ने सेनिटाइज करने वाले कर्मचारी के साथ पिछले दिनों मारपीट की थी।
भास्कर अपील
झिझक क्यों... बीमार हैं तो खुद सामने आएं
दैनिक भास्कर हिंदपीढ़ी के लोगों के साथ शहरवासियों से अपील करता है कि जो लोग किसी भी रूप से बीमार हैं, वह खुद निकलकर सामने आएं। ताकि उनकी जल्द से जल्द जांच हो सके और शहर में फैलते कोरोना के संक्रमण को राेका जा सके। यह कोई लाइलाज या सामाजिक बुराई नहीं कि आप सामने आने से झिझकें।
फिलहाल कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा रही...
नाला रोड की रहने वाली जो महिला पॉजिटिव पाई गई है। वह मलेशियन महिला के संपर्क में नहीं आई थी। इसका मतलब अब वायरस का कम्युनिटी ट्रांसमिशन माना जाए क्या? इस सवाल पर डीसी ने कहा कि अभी कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। अभी यह कहना संभव नहीं है कि मलेशियन युवती से यह महिला मिली थी या नहीं। वैसे यह चिह्नित किया जा रहा है कि यह महिला किस-किस से या इनसे कौन-कौन मिला है। इन्हें चिह्नित कर रिम्स जांच के लिए भेजी जाएगी।
सेनिटाइज के लिए दो में से एक मशीन खराब....
जब पीड़िता को रिम्स ले जाया जा रहा था तो स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में साफ-सफाई और सेनिटाइज नहीं करने की शिकायत की। उनके आश्वासन के थोड़ी देर बाद दो महिला कंधे पर मशीन लादे सेनिटाइजर का छिड़काव करने पहुंची। लेकन एक में कुछ खराबी आ गई। लोगों ने कहा कि सेनिटाइजर की जग एक दिन पानी ही छिड़का गया।
Click here to see more details

Post a Comment