शाम छह बजे के बाद घरों से तभी निकलें, जब मेडिकल इमरजेंसी हो। दवा लेनी हो, अस्पताल जाना हो तभी घर से निकलें। दिन में भी अति आवश्यक कार्य होने पर ही घर निकलें। एक बाइक पर सिर्फ एक व्यक्ति हो। कार में दो से अधिक नहीं। अगर ऐसा नहीं करते हैं तो पुलिस आपके साथ सख्ती से निपटेगी। सोमवार को राजधानी में कुछ ऐसा ही नजारा दिखा। बेवजह घर से निकलने वालों पर पुलिस ने डंडे बरसाया और जुर्माना भी वसूला।
सोमवार को राजधानी में कुल 317 वाहनों से 4 लाख 35 हजार का जुर्माना वसूला गया। वहीं 32 वाहनों को जब्त किया गया। राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस ने 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दाैरान 660 वाहनों को जब्त करने के अलावा 17.14 लाख रुपए जुर्माना वसूले गए। एडीजी (मुख्यालय) जितेंद्र कुमार के मुताबिक 14 दिनों में 445 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 9,454 वाहन जब्त किए गए।
250 ग्राम भिंडी लेने निकले कटा 500 रुपए का चलान
सोमवार को एसएसपी के साथ साथ सभी सिटी एसपी और ट्रैफिक एसपी सड़क पर नजर आए। एसएसपी ने खुद कई थाना क्षेत्रों का निरीक्षण किया और कार्रवाई की। बोरिंग रोड चौराहे पर एसके पुरी थानेदार नीरज कुमार ने एक बाइक सवार व्यक्ति को रोक कर पूछताछ की। व्यक्ति ने कहा कि वह पटेल नगर का रहने वाला है। 250 ग्राम भिंडी लेने आया है। उसने कहा कि सोचा सब्जी भी ले लूंगा और थोड़ा घूम भी लूंगा। पुलिस उसके साथ सख्ती से निपटी और उसका 500 का चलान भी कटा। बोरिंग रोड, बुद्धा काॅलोनी, हड़ताली मोड़ पर ट्रैफिक एसपी अमरकेश डी और डीएसपी अनिल कुमार खुद वाहन जांच करते दिखे।
Click here to see more details

Post a Comment