दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात के जलसे में शामिल होने के बाद झारखंड समेत देश के कई राज्यों में गए कोरोना संक्रमित धर्म प्रचारकों का असर दिखने लगा है।
रांची के हिंदपीढ़ी आई मलेशिया मूल की युवती के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब यहां एक और महिला संक्रमित पाई गई है।
इसके साथ ही राज्य में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर चार हो गई है। 24 घंटे के भीतर बोकारो के बाद यह दूसरा केस है। संक्रमितों में तीन महिलाएं हैं।
54 साल की इस महिला मरीज की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है, लेकिन यह महिला मलेशियाई युवती के कारण ही संक्रमण की शिकार हुई है।
महिला का सैंपल शनिवार को ही जांच के लिए रिम्स में भेजा गया था। रविवार को रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग ने महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई। सोमवार सुबह स्वास्थ्य सचिव ने इसकी पुष्टि की।
इसके बाद प्रशासन की ओर से संक्रमित महिला और उसके परिवार के 6 सदस्यों को दोपहर 1 बजे एंबुलेंस से रिम्स लाया गया। इस दौरान चिकित्सकों की टीम ने पीड़िता को ट्रॉमा सेंटर में बने कॉविड-19 वार्ड में भर्ती कराया।
इस दौरान महिला के साथ आए उसके 6 परिजनों की भी स्क्रीनिंग कर जांच के लिए सैंपल लिए गए। रिपोर्ट आने तक सबको आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। उल्लेखनीय है कि 31 मार्च को झारखंड में कोरोना पॉजिटिव का पहला मामला हिंदपीढ़ी में मिला था। 19 वर्षीय संक्रमित मलेशियाई युवती अभी रिम्स में भर्ती है। इधर, खतरा बढ़ता देख प्रशासन ने हिंदपीढ़ी को तीन दिन के लिए सील कर दिया है।
15 जगहों पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। सभी चेकपोस्ट में 24 घंटे निगरानी रहेगी।
महिला को हार्ट, शुगर समेत कई बीमारियां
संक्रमित महिला के परिजनों ने बताया कि महिला को किडनी, हार्ट, शुगर समेत कई बीमारियां हैं। दो महीने से वह बीमार है। इस दौरान वह घर में ही रहती है। ऐसे में वह मलेशियाई महिला के संपर्क में कैसे आ सकती है? सोमवार सुबह महिला का बरियातू में डायलिसिस होने वाला था। इससे पहले सुबह में उनके घर में रिम्स से फोन आया कि महिला कोरोना संक्रमित है। इसके बाद पुलिस अाई और एम्बुलेंस से उन्हें रिम्स ले आई।
ये आशंकामलेशियाई महिला से मिले व्यक्ति से संक्रमण
परिजनों ने जो जानकारी दी है, उसके अनुसार आशंका जताई जा रही है कि महिला मलेशियाई युवती से सीधे संक्रमित नहीं हुई है, बल्कि मलेशियाई युवती के संपर्क में आए किसी व्यक्ति से संक्रमित हुई है। इधर, डीसी ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि संक्रमित महिला से मलेशियाई युवती ने मुलाकात की थी या नहीं। इस बारे में छानबीन की जा रही है।
अब तक दो प्रमंडल में कोरोना पॉजिटिव
राज्य के पांच प्रमंडलों में से दो में ही अब तक कोरोना पॉजिटिव के केस मिले हैं। इनमें दक्षिणी छोटानागपुर में रांची और उत्तरी छोटानागपुर में बोकारो और हजारीबाग जिले शामिल हैं। संथाल, कोल्हान और पलामू प्रमंडल में सिर्फ संदिग्ध मिले हैं, जिन्हें क्वारेंटाइन किया गया है।
- 285 संदिग्ध सबसे ज्यादा रांची में
- 167 संदिग्धों के साथ पू. सिंहभूम दूसरे नंबर पर
- 101 संदिग्ध मिले हैं अब तक धनबाद में
Click here to see more details


Post a Comment