मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि राज्य में लाॅकडाउन खोलने के बारे में कोई फैसला विशेषज्ञों की कमेटी की रिपोर्ट अाैर हालात को देखकर ही लेंगे। उन्होंने कहा अभी यह संभव नहीं है कि मुकम्मल लॉकडाउन को पूरी तरह हटा लिया जाए।
सीएम ने कहा, पंजाब ने पिछले 40 दिनों में कोविड की 3 स्टेज देखी हैं। उद्योगपतियों, अर्थशास्त्रियों व विभिन्न देशों के राजदूतों के साथ वैब पर विचार के दौरान सीएम ने कहा कि राज्य की वित्तीय हालत अच्छी न होने अाैर राजस्व घाटे के कारण मौजूदा खराब हालात से पंजाब को बाहर निकालने को 20 सदस्यीय विशेषज्ञ कमेटी बनाई गई है। उसकी रिपोर्ट शनिवार तक आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यदि मेडिकल एक्सपर्ट आंशिक या पूरी तरह लाॅकडाउन खोलने की सिफारिश करेंगे तो हम वैसा ही कदम उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि फैक्टरियां तो बाद में भी खुल जाएंगी लेकिन लोगों की जान बेशकीमती है। वहीं, पंजाब में शुक्रवार को 11 नए पॉजिटिव केस आए। 6 केस आने से राजपुरा बफर जाेन घाेषित कर दिया गया। ये सभी कमलेश रानी की हुक्का पार्टी में शामिल हुए थे। उनके संपर्क में आने वाले मरीजों की चेन 36 हो गई है।
वहीं, मानसा में दो तब्लीगी, लुधियाना में बीडीपीओ समेत जालंधर-अमृतसर में 1-1 केस पॉजिटिव आए। लुधियाना में दाखिल जिला मंडी अफसर जसबीर कौर की बेटी नवदीप कौर की रिपोर्ट भी शुक्रवार को पॉजेटिव आ गई। वह बतौर बीडीपीओ दोराहा में तैनात हैं। वहीं, अमृतसर में चार तो होशियारपुर में एक महिला मरीज कोरोना के संक्रमण से मुक्त भी हुए।
जालंधर-लुधियाना समेत 4 हॉटस्पॉट में कम्युनिटी ट्रांसमिशन को जांचने आएगी 10 मेंबरी केंद्रीय टीम
पंजाब में हॉटस्पॉट बन चुके प्रमुख शहरों में जालंधर, मोहाली, लुधियाना व पटियाला मेें केंद्र की टीम विशेष सर्वे के लिए आ रही है। स्वास्थ विभाग पंजाब के अनुसार कोरोना वायरस के कम्युनिटी ट्रांसमिशन में संभावित संक्रमण का जायजा लेने को 10 सदस्यीय विशेषज्ञ अफसर व डॉक्टरों की एक टीम आ रही है। केंद्रीय टीम 400 से अधिक सेंपलिंग कर सिटी में कम्युनिटी ट्रांसमिशन हुआ है या नहीं जांचेगी। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक सोमवार तक हर हाल में टीम को सर्वे का काम पूरा करना है। हालांकि डीसी जालंधर के मुताबिक अभी शहर में कम्यूनिटी ट्रांसमिशन नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय टीम का सर्वे जिले के 16 कंटेनमेंट जोन व इससे सटे 4-5 किमी. एरिया में होगा। जालंधर कंटेनमेंट जोन में आनंद नगर, राजा गार्डन, रविदास नगर, मीठा बाजार, नीला महल, पुरानी सब्जी मंडी, नारायण नगर, जट्टपुरा, बस्ती शेख, बालमीकि मोहल्ला, मखदूमपुरा, निजातम नगर शामिल हैं।
केंद्र का फैसला; हॉटस्पॉट के बाहर सभी दुकानें खुलेंगी, मॉल्स बंद रहेंगे
केंद्र सरकार ने लॉकडाउन के दौरान खुलने वाली दुकानाें का दायरा बढ़ा दिया है। गृह मंत्रालय के शुक्रवार देर रात जारी आदेश के मुताबिक अब गली-माेहल्लाें की दुकानें व आवासीय परिसराें में बनी दुकानें खुल सकेंगी। ये आदेश हॉटस्पॉट व कंटेनमेंट जोन में लागू नहीं होंगे। शहरी इलाकों में मार्केट काॅम्प्लेक्स, मल्टी ब्रांड व सिंगल ब्रांड माॅल नहीं खाेले जा सकेंगे। दूसरी तरफ, ग्रामीण इलाकाें में मार्केट काॅम्प्लेक्स, आवासीय परिसराें में बनी दुकानाें सहित सभी रजिस्टर्ड दुकानें खाेली जा सकेंगी। यहां अाधे कर्मचारियाें, मास्क पहनने व साेशल डिस्टेंसिंग के सभी नियमाें का पालन करना हाेगा।
जिन बच्चों को बस्ता लेकर स्कूल जाना था उनको अस्पताल जाना पड़ रहा है...
जालंधर | बस्ती दानिशमंदा निवासी मीडियाकर्मी विकास मिश्रा (36) के पॉजिटिव आने के बाद जालंधर में मरीजाें की संख्या 63 हाे गई है। शुक्रवार काे न्यू राज नगर से विकास के पारिवारिक सदस्याें काे एंबुलेंस में अस्पताल पहुंचाया। बच्चाें सहित सभी परिजनों के सैंपल लिए गए हैं।
ए.सी., कूलर और पंखे का इस्तेमाल सावधानी से करें
इस गर्मी में ए.सी. और कूलर इस्तेमाल पर विशेष ख्याल रखना होगा। काेराेना महामारी के चलते पंजाब सेहत विभाग ने घरों से कारखानाें तक में एयर कंडीशन के इस्तेमाल को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग के अनुसार वायरस अलग-अलग स्तर पर कई-कई घंटे जीवित रह सकता है। विभाग का मानना है कि एयर कंडीशन (एसी) की हवा कमरे में री-सर्कुलेट होकर दोबारा उसे ठंडी करती है। एेसे में अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
घर में एसी का इस्तेमाल
- घरों में एसी चलाते समय कमरे को पूरी तरह से बंद न करें। हवा आने जाने के लिए खिड़की को थाेड़ा खुला रखें। ज्यादा समय तक कमरे को बंद न रखें।
- कमरे का तापमान को 24 से 27 डिग्री सेल्सियस तक रखें। नमी 40-70% तक हो।
- एयर कंडीशन का फिल्टर समय पर साफ करते रहे।
- बड़ी जगह पर, जहां ज्यादा लोग इकट्ठे हो रहे हैं। वहां वेंटिलेशन का सिस्टम हों।
- खिड़कियों की जगह मैकेनिकल वेंटिलसेशन और एयर कंडिशनिंग सिस्टम की मदद से बाहरी हवा को फिल्टर किया जा सकता है।
- जिस जगह बाहरी हवा न आती हो वहां सेंट्रल इन-लाइन फैन फिल्टर यूनिट के साथ एयरडॉट भी लगा सकते हैं।
- कूलरों के इस्तेमाल से पहले टैंक में पानी साफ हो। कूलर के जरिए कमरे में धूल मिट्टी न आ पाए। पानी राेज बदलें।
- सही वेंटीलेशन के लिए ए-वैपोरेटिव कूलर में बाहर की हवा का आना जरूरी है।
- पंखा चलाते समय खिड़कियों को खुला रखें।
- अगर लॉबी में वेंटिलेशन के लिए एग्जोस्ट लगा है तो उसे चला कर रखें।
- अस्पतालों में एयर कंडीशनिंग सिस्टम अलग हो। ताकि संक्रमित हवा को रोका जाए।
- अस्पतालों में जहां एयर कंडीशन नहीं कर सकते। वहां एग्जोस्ट फैन, हैपा-फिल्ट्रेशन का इस्तेमाल करें।
- एग्जोस्ट हवा का ट्रीटमेंट करने के लिए पारा 45 मिनट कर 75 डिग्री तक रखकर संक्रमण को खत्म किया जा सकता है।
- संक्रमण से बचने क्यूबिकल प्लास्टिक शीट्स या कैनवस कवर से दीवार बना सकते हैं।
Click here to see more details

Post a Comment