समर्थन मूल्य पर निवाली के खेतिया रोड स्थित उपमंडी में गेहूं की खरीदी का कार्य चल रहा है। इसमें अब तक 10 दिन में 45 किसानों से 1402 क्विंटल गेहूं की खरीदी कर ली गई है। साथ ही 15 मई तक शासन से मिले निर्देश अनुसार गेहूं की खरीदी के लिए सोसायटी मंडी में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदेगी।
प्रभारी प्रबंधक विनोद मंडलोई ने बताया कि 189 किसान सदस्यों का पंजीयन अब तक कर दिया गया है। इनसे 9333 क्विंटल गेहूं खरीदी करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में किसान फसलों को लेकर मंडी में पहुंच रहे हैं। जहां 1925 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से गेहूं खरीदा जा रहा है। यहां पर गेहूं बेचने आने वाले किसान व हम्माल सामाजिक दूरी बनाकर ही गेहूं की तुलाई कर रहे हैं। साथ ही आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। सैनिटाइजर करने के लिए एक व्यक्ति को नियुक्त कर दिया गया है। साथ ही किसानों को सामाजिक दूरी के साथ अपना नंबर आने के लिए इंतजार कराया जा रहा है। यहां किसानों के लिए पतरे के छायादार शेड बनाए गए हैं। ठंडे पानी की सुविधा की गई है।
प्लास्टिक के थैलियों में पैक कर रहे गेहूं
इस बार रस्सी से बने बारदानों के बजाय प्लास्टिक की थैलियों में आदिम जाति सहकारी संस्था का छापा लगाकर उन्हें सील पैक किया जा रहा है। साथ ही पास में मंडी का गोडाउन है। जहां पर यह सारा अनाज रखा जा रहा है। खरिदी केंद्र पर किसान व हम्माल फेस मास्क लगाकर ही गेहूं की तुलाई कर रहे हैं।
कोरोना वायरस को लेकर भीड़ रोकने के लिए एक दिन में 7 किसानों को ही बुला रहे
अब तक मंडी में कोरोना वायरस को लेकर किसानों को शासन से मिले निर्देश अनुसार ही बुलाया जा रहा है। इसमें किसानों को मोबाइल पर मैसेज भेजने के साथ ही फोन लगाकर सूचना दी जा रही है। मंडी परिसर में भीड़ न लगे इसके लिए एक दिन में केवल सात किसानों को ही बुलाया जा रहा है। ताकि मंडी में किसी भी प्रकार की भीड़ नहीं हो और सामाजिक दूरी का पूरी तरह से पालन किया जा सके।
Click here to see more details

Post a Comment