कोरोना से इंदौर में हालात बिगड़ने के बाद अब ग्वालियर में ऐहतियात के तौर पर टोटल शटडाउन का निर्णय लिया गया है। मंगलवार की रात 12 बजे से अगले 48 घंटे के लिए प्रशासन ने टोटल शटडाउन घोषित किया है।
इस दौरान बुधवार और गुरुवार को जिले में सुबह 6 से 9 बजे तक सिर्फ दूध व अखबार की सप्लाई होगी। जबकि राशन होम डिलीवरी के जरिये आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। किराना दुकान और सब्जी मंडी भी पूरी तरह बंद रहेंगी।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शहर में आगामी 48 घंटे के लिए टोटल शटडाउन किया जा रहा है। इसमें शहर में सिर्फ दवाईयों की 50 दुकानें और 5 पेट्रोल पंप ही खुले रहेंगे। दूध के लिए सुबह 6 से 9 बजे तक छूट दी गई है, लेकिन इस दौरान भी लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। लोगों की जरुरत को देखते हुए होम डिलीवरी की सुविधा दी गई है, जिसके जरिये लोग राशन मंगवा सकते हैं। शहर में शटडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अमला तैनात रहेगा। जो भी शटडाउन का उल्लंघन करेगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।
शिवपुरी से आई कोरोना संदिग्ध महिला की इलाज के दौरान ग्वालियर में मौत
शिवपुरी में सीजेरियन डिलीवरी के बाद कोरोना संदिग्ध मानते हुए गंभीर हालत में सोमवार को जेएएच रैफर की गई महिला की मंगलवार की शाम मौत हो गई। महिला का जेएएच के आइसोलेशन वार्ड में इलाज चल रहा था। यहां सुबह ही जेएएच प्रबंधन ने सीएमएचओ कार्यालय के माध्यम से उसका सैंपल लेकर जांच के लिए डीआरडीई भेजा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि महिला की मौत कोरोना वायरस के संक्रमण से हुई है या किसी और कारण से?
शिवपुरी निवासी राजू की पत्नी सीमा ने शिवपुरी के अस्पताल में छह दिन पहले सीजेरियन से एक बच्चे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद सीमा की तबीयत खराब होने लगी। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया लेकिन आराम नहीं हुआ।
सीमा को सर्दी, जुकाम, बुखार के साथ सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। डॉक्टरों ने उसे कोरोना संदिग्ध मानते हुए सीमा को जेएएच में इलाज के लिए ग्वालियर रैफर कर दिया।
यहां मेडिसिन विशेषज्ञों के साथ गायनिक के डॉक्टरों ने भी उसका चेकअप किया। दोपहर में उसकी तबीयत बिगड़ी तो मेडिसिन के विभागाध्यक्ष डॉ. ओपी जाटव और उनकी टीम के साथ - साथ गायनिक की विभागाध्यक्ष डॉ. वृंदा जोशी ने भी देखा।
डॉक्टरों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन शाम को उसकी मौत हो गई।
सीएमएचओ डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि सीमा का सैंपल जांच के लिए गया है। जेएएच प्रशासन से पूछा जाएगा कि महिला को क्या परेशानी थी।
उसके बाद ही पता चलेगा कि उसकी मौत किस कारण से हुई है।
अवाड़पुरा की मस्जिद में मिले तब्लीगी जमात के 11 लोग इनमें 6 महिलाएं, मेडिकल जांच के बाद क्वारेंटाइन किया
अवाड़पुरा की आयशा मस्जिद में एक महीने से रह रहे तब्लीगी जमात के 11 लोगोंं की प्रशासन की टीम ने मंगलवार को निगरानी में लिया है। खास बात यह है कि फरीदाबाद से आए ये लोग 23 फरवरी से यहां रह रहे थे आैर प्रशासन को इनकी भनक मंगलवार को लग सकी।
इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और इनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद ऐहतियात के तौर पर इन्हें बिरला नगर की श्याम वाटिका में क्वारेंटाइन कराया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम का दावा है कि इन लोगों में फिलहाल कोरोना के लक्षण नहीं है, लेकिन दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में हिस्सा लेने वाले कई लोगों में कोरोना संक्रमण मिला है और ये सभी उसमें शामिल हुए थे। इसके चलते इन सभी के सैंपल गुरुवार को लिए जाएंगे। इसके अलावा इनकी ट्रैवल हिस्ट्री से लेकर इनसे मिलने-जुलने वालों की भी पूरी सूची तैयार हो रही है। जानकारी के मुताबिक मस्जिद के अंदर मिले लोगों में पांच पुरुष शामिल हैं। ये मस्जिद के अंदर रह रहे थे। -पेज 4 भी पढ़ें

إرسال تعليق