पटना / फुलवारीशरीफ.एम्स के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती तीन मरीजों की 24 घंटे के अंदर मौत हो गई। मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और एक किशोर है। इन तीनाें में काेराेना के कुछ लक्षण मिलने पर उनका सैंपल लिया गया और जांच के लिए आरएमआई भेजा गया था। उनमें दो की रिपोर्ट निगेटिव आई है। एक मृतक किशोर की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इधर, एनएमसीएच में भर्ती पटना सिटी के एक युवक की रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आ गई। करीब 30 साल का यह युवक 5 दिन पहले गुजरात से आया था। सर्दी, जुकाम व खांसी होने पर उसे निजी अस्पताल में परिजन ले गए लेकिन बाद में उसे एनएमसीएच में भर्ती किया गया। अब तक बिहार में चार मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनमें मुंगेर के एक युवक की मौत हो गई।
एम्स ने रिपोर्ट नहीं आने पर शव नहीं सौंपा, दो के शव दिए गए
एक पॉजिटिव महिला का इलाज एम्स में चल रहा है। वहीं गुजरात से आए इस युवक के साथ एक अन्य युवक एनएमसीएच में भर्ती है। एम्स के कोराेना वायरस के नोडल अधिकारी डाॅ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि निगेटिव आए दो मृतक के शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि एक के शव को एम्स के शवगृह में रखा गया है। उसकी जांच रिपोर्ट के आने का इंतजार किया जा रहा है। केंद्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक उनकी मौत का कारण, पता आदि नहीं बताया जा सकता है। पिछले 24 घंटे के अंदर एम्स में 12 लाेगाें को कोरोना का संदिग्ध मानते हुए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। एम्स के आइसोलेशन वार्ड में मंगलवार तक कुल 23 संदिग्ध हैं। मंगलवार की शाम तक आए सैंपल की जांच में सभी 8 रिपोर्ट निगेटिव आए हैं।
फुलवारीशरीफ सीएचसी में पांच बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार
कोरोना के फैलते संक्रमण और बढ़ते मरीज को देखते हुए फुलवारीशरीफ सीएचसी में पांच बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। सीएचसी प्रभारी डा. आरके चौधरी ने बताया कि अभी तक इस आइसोलेशन वार्ड में किसी को भर्ती नहीं किया गया है। संदिग्ध मिलने पर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जाएगा।
पीएमसीएच में दाे व आईजीआईएमएस में एक संदिग्ध भर्ती, निगेटिव को छुट्टी
ंपीएमसीएच में मंगलवार काे दो नए संदिग्ध मरीज भर्ती हुए। आइसोलेशन वार्ड में भर्ती अाठ मरीजों का सैंपल सोमवार को जांच लिए भेजा गया था। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई, इसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।आईजीआईएमएस के अाइसोलेशन वार्ड में भी एक युवती भर्ती हुई है। इसका ट्रैवल हिस्ट्री है और लक्षण मिलने पर उसे भर्ती कराया है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर करीब 3500 यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें से छह संदिग्ध को यात्रियों को सैंपल कलेक्शन के लिए अाईजीअाईएमस भेजा गया। पीएमसीएच के प्राचार्य ने बताया पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट किट मंगा ली गई है। सिविल सर्जन डॉ. अारके चौधरी ने कहा अब सभी सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में तैनात टीम सूचना मिलने पर संदिग्ध मरीज के घर जाएगी।

إرسال تعليق