पुनपुन. गौरीचक थाना के अंसारी गोपाल टोला निवासी रोहन पासवान (35) की शुक्रवार की रात लाठी व डंडे से पीट पीट कर हत्या कर दी गयी। साथ ही उसके शव को पास स्थित गड्ढे में फेंक दिया गया। इस मामले में मृतक के पुत्र ने एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है, जिनमें से तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

शुक्रवार की रात रोहन जब घर नहीं लौटा तो उसके परिजन उसे पूरी रात खोजते रहे। इसी बीच किसी ग्रामीण को गड्ढे में रोहन पासवान का शव पड़ा दिखायी दिया। बाद में इसकी जानकारी उसके परिजनों समेत उसके दर्जनों समर्थकों को मिली। जानकारी होते सभी वहां पहुंच गए। मृतक रोहन के समर्थकों ने शनिवार की सुबह शव को देखने के बाद गांव के कुछ घरों को चिन्हित कर उक्त घरों मे जमकर उत्पात मचाया और नकदी समेत कीमती सामान लूट लिए।

गांव में अफरा तफरी मच गयी और पुरुष सदस्य घर छोड़ भाग निकले जबकि महिलाएं पास स्थित एक बगीचे में जाकर छिप गयी। स्थिति गंभीर होते देख मौके पर धनरूआ पुलिस के अलावे भारी संख्या में पटना लाईन से पुलिस बल को बुला लिया गया। मृतक के पुत्र इंदल पासवान ने गांव के श्याम राम, जीक महतो, मणिकचंद महतो, एवं मोहन महतो समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है।

पुलिस ने श्याम राम व जीक महतो समेत तीन को त्वरित कार्रवाई करते हुये गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिकी मे इंदल पासवान ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार की देर शाम गांव स्थित दरधा नदी में मछली मार रहा था। इस दौरान नामजद आ पहुंचे और भला बुरा कहते हुये मारपीट की और धमकी देते हुये चले गये। आरोप है कि उसी दौरान उसके पिता रोहन पासवान कहीं से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच नामजद ने उन्हें पकड़ लिया और लाठी डंडे से पीट पीट उनकी हत्या कर शव को पास स्थित बधिर मे फेंक दिया। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरण जाधव ने बताया कि गांव के दो जाति विशेष के बीच विवाद का परिणाम स्वरूप हत्या की घटना हुई है। आरोपियो की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

नकदी समेत अन्य कीमती सामान लूटे

शनिवार की सुबह जैसे ही रोहन की हत्या की खबर उसके समर्थकों को मिली वे शव के पास न जाकर गांव के कुछ घरों मे घुस जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उन्होंने महिला सदस्यों के साथ मारपीट भी की। आरोप है कि सभी घर मे रखे नकदी समेत कीमती कपडे व बर्तन के अलावे आभूषण भी लूट लिया। समर्थकों के तेवर देख पुरूष सदस्य पहले ही घर छोड़ भाग निकले थे। मृतक के दर्जनों समर्थकों ने इस दौरान दर्जन भर बाइक को भी क्षतिग्रस्त दिया।

दो जाति विशेष के बीच चल रहा था विवाद

मृतक रोहन पासवान के पुत्र इंदल पासवान ने तो अपनी ओर से मछली मारने को लेकर हुये विवाद मे हत्या होना बताया है। बताया जाता है कि मृतक व आरोपी दो अलग अलग जाति के है और दोनों के बीच पूर्व से चली आ रही विवाद जग जाहिर है। बताया जाता है कि मृतक रोहन हाल ही मे हत्या के एक मामले मे जेल से जमानत पर छुटकर बाहर आया था। ग्रामीणों की माने तो बीते शुक्रवार की रात पूर्व से चले आ रहे विवाद को लेकर ही रोहन को कुछ लोगो ने घेर लिया लाठी डंडे से पीट पीट कर हत्या कर दी।

गौरीचक में युवक की हत्या के बाद जांच करती पुलिस।



Post a Comment

Previous Post Next Post