जिले के कुख्यात नक्सली ने नक्सलवाद से मुंह मोड़ते हुए सोमवार को एसपी अरविंद गुप्ता के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। एसपी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि बांका का सक्रिय नक्सली व कई महत्वपूर्ण नक्सलियों का संरक्षणकर्ता और सहयोग करने वाले सक्रिय नक्सली डोमनाडीह आनंदपुर निवासी 59 वर्षीय युगल राय ने आत्मसमर्पण किया है। एसपी ने बताया कि कुख्यात नक्सली के विरुद्ध आनंदपुर ओपी में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, यूएपीए व 17 सीएलए एक्ट समेत कई अन्य धाराओं में मामला दर्ज है।
एसपी ने बताया कि यह कांड वादी पुअनि धीरेंद्र कुमार के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी के 13 नामजद अभियुक्त व अन्य अज्ञात पर जानलेवा विस्फोटक पदार्थ से लैस होकर सरकार के विप्लव करने, नक्सली संगठन में नए सदस्यों को भर्ती करने के लिए 10 पीस जनमुक्ति छापामार सेना में भर्ती आवेदन प्रमाण पत्र अंकित बिना भरा हुआ आवेदन पत्र फार्म, माओवादी संगठन के विस्तार के लिए प्रचार-प्रसार करने, विधि विरुद्ध क्रियाकलाप आदि में संलिप्त रहने व 6 प्लास्टिक के डब्बे में 50 किलोग्राम सफेद रंग के विस्फोटक पदार्थ व नक्सली पर्चा आदि के साथ पकड़ने और बरामद होने के आरोप में अंकित किया गया है। वहीं दूसरी बार आनंदपुर ओपी के पुअनि रवि शंकर कुमार ने भी इनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए 9 नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध प्लास्टिक के दो डब्बा में 30 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ बरामद करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस के खौफ से नक्सली ने किया सरेंडर
एसपी ने बताया कि वर्तमान में युगल राय नक्सलियों को संरक्षण देने का काम कर रहे थे। प्रेस वार्ता के दौरान पूछने पर नक्सली युगल राय ने बताया कि उनकी उम्र काफी हो गई है, पुलिस के खौफ से भी वह अब समाज के मुख्यधारा में जुड़ना चाहते हैं। एसपी ने बताया कि नक्सलियों को समाज के मुख्यधारा में जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। अगर, नक्सली मुख्यधारा में जुड़ते है तो उन्हें सरकारी लाभ भी दिया जाएगा, जिससे कि उनका भविष्य बेहतर हो सके।
कार्यालय में प्रेस वार्ता करते एसपी अरविंद व मौजूद गिरफ्तार नक्सली।

Post a Comment