जिले में महाशिवरात्रि को लेकर शुक्रवार को 600 सौ फिट ऊंचे गिरिहिंडा पहाड़ स्थित शिव मंदिर में हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान होता रहा। शिवमंदिरों में घंटियों की ध्वनि लगातार प्रवाहित हो रही थी एवं शंख फूंके जा रहे थे। सुबह से ही मंदिरों में लोगों की भीड़ इस कदर उमड़ी थी कि किसी प्रकार श्रद्धालु शिव मंदिर में पहुंच कर पूजा-अर्चना कर पा रहे थे। शहरी क्षेत्र के शिव मंदिरों में महिलाओं की खासी भीड़ देखने को मिली। शुक्रवार की सुबह हिंदु धर्मावलंबियों ने सर्वप्रथम अपने घर की साफ-सफाई कर तदुपरांत स्नान ध्यान कर फूल-प्रसाद व भोलेनाथ के खास चढ़ावा बेलपत्र, भांग, धतूरे के पौधे एकत्रित कर मंदिर की ओर रवाना हो गये। यह सिलसिला वैसे तो पूरे दिन चलता रहा, महिलाएं अपने पति की दीर्घायु व कुंवारी कन्या सुंदर वर के लिए कामना करते हुए भगवान शिव को जलाभिषेक किया। मंदिरों में शिवलिंग पर बेलपत्र, गाय का दूध, गुड़, फल सहित भांग व धतूरा के पौधे व उसके फूल को शिवलिंग पर चढ़ाया। इस त्यौहार में अधिकांश: महिला श्रद्धालु उपवास रखती हैं। इसमें कई पुरुष श्रद्धालु भी उपवास रख कर भगवान शिव की आराधना करते हैं। शहरी क्षेत्र के गिरिहिंडा पहाड़, सुकन साव तालाब, डोमू साव तालाब, बंगाली पर, पीडिया पर, खांड पर, माहुरी टोला, तिनमुहानी के अलावे विभिन्न स्थानों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। महिला श्रद्धालुओं की खासा भीड़ इन मंदिरों में थी।
बरबीघा : पंचबदन मंदिर में हज़ारों लोगों ने किया जलाभिषेक
बरबीघा प्रखंड क्षेत्र के कुसेढ़ी गांव के प्रसिद्ध पंचबदन मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर हजारों शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया जो प्राचीन शिव मंदिरों में से एक माना जाता है। जिसकी ख्याति पड़ोसी जिलों तक फैलने के कारण हर वर्ष श्रद्धालुओं की तादाद में वृद्धि होता दिख रहा, जो आस्था का पुख्ता परिचय है और मंदिर की ख्याति दूर-दूर तक फैल चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी लोगों के बीच महाशिवरात्रि को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। गांव के मंदिरों में शिवरात्रि पर उपवास रखने वाली महिलाएं व युवतियां पहुंची, वहीं मंदिरों में भगवान शिव के भजनों पर शिव भक्त नृत्य करते हुए नजर आए। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए शिवलिंग पर अक्षत, चंदन, पुष्प, बेलपत्र, दूध, शहद तथा गंगाजल चढ़ाकर पूरे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान भोलेनाथ का पूजा अर्चना कर अपने परिवारों के लिए खुशी का वरदान मांगा।
अरियरी: शिवालयों में लगा रहा भक्तों की तांता
अरियरी प्रखंड क्षेत्र के एकरायं, इटहरा, विमान, महुली, हुसैनाबाद सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र में महाशिवरात्रि के मौके पर एक तरफ जहां जलाभिषेक को लेकर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं दूसरी ओर पूरा प्रखंड क्षेत्र के शिवालयों में हर हर महादेव के उद्घोष से पूरा इलाका भक्ति में हो गया। सभी जगह महाशिवरात्रि के मौके पर ग्रामीणों व सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से शिवालय को दुल्हन की तरह सजाया गया। वहीं कई जगह पर शिव -पार्वती के विवाह को लेकर बारात भी निकाली गई। कई जगहों पर महाशिवरात्रि को लेकर रामधुनी का भी कार्यक्रम आयोजित किया गया तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
जिले के सभी शिवालय ऊं नम: शिवाय और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे, भगवान पर दुग्धाभिषेक के लिए भोर से ही पहुंचने लगे भक्त
पूजा करने पहुंचीं श्रद्धालु।
घाटकुसुम्भा : शिवलिंग पर जल चढ़ाकर मांगा आशीर्वाद
घाटकुसुम्भा में महाशिवरात्रि का पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। परंपरा निभाने के साथ साथ लोगों ने भविष्य में सुख-समृद्धि की कामना भी की। शुक्रवार की सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था। पुरुष व महिला शिव भक्तों ने व्रत रखकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और मन्नत मांगी। वहीं गांव के कुछ शिव मंदिरों में भजन कीर्तन का आयोजन भी किया गया था। ग्रामीण इलाकों में तो महिलाएं अहले सुबह से ही शिवालयों में पहुंची और भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। सुबह होते ही मंदिरों में भक्तों की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। जहां शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखी गई। कुछ मंदिरों में कुमारी कन्याओं का ज्योनार भी कराया गया।
बरबीघा : मना महाशिवरात्रि का त्योहार| बरबीघा के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के लिए सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ देखी गई। मंदिरों में सुबह आरती की गई और इसके बाद से भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक शुरू किया जो देर शाम तक चलता रहा। बोल बम एवं हर हर महादेव के नारों से पूरा क्षेत्र भक्ति मय हो उठा। झारखंडी नाथ मंदिर में सुबह से ही हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने पंक्तिबध होकर भगवान भोलेनाथ पर जल चढ़ाया। वही कुमारी लड़कियों ने मनचाहा वर पाने के लिए महाशिवरात्रि के दिन कठिन निर्जला व्रत किया।
{ भगवान भोलेशंकर से युवतियों ने मांगी मनोकामना, किया दुग्धाभिषेक
{ सुबह से शाम तक शिवालयों और अन्य देवालयों में पूजा-अर्चना का सिलसिला रहा जारी
गिरिहिंडा पहाड़ स्थित शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़



إرسال تعليق