गोमिया प्रखंड स्थित लुगू पहाड़ की तलहटी में स्थित कला-संस्कृति भवन के सभागार में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन बोकारो के उप विकास आयुक्त रवि रंजन मिश्रा की अध्यक्षता में किया गया। जनता मिलन के इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और योजनाओं से संबंधी कई जानकारियां रखीं। लोगों की समस्याओं के संदर्भ में आवेदन भी लिए गए, जिनमें से कई मामलों का यथास्थान निबटारा भी किया गया। डीडीसी ने इस दिशा में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कई सख्त हिदायतें भी दीं। मौके पर डीडीसी ने कहा कि आमजनों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। लोग अपनी समस्याएं विभागीय पदाधिकारियों के समक्ष रखें और उसका समाधान करवाएं। नियम के विपरीत जाकर अगर कोई कार्य करता है तो उसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन तक पहुंचाएं, इस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
डीडीसी ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू होने वाला है। इसलिए पहले ही सभी खराब पड़े चापाकलों और जल निकायों की मरम्मत की जा रही है। अगर किसी सेविका/ सहायिका का मानदेय बाकी है तो उसकी सूचना दें, उनके मानदेय का भुगतान अविलंब होगा। साथ ही अगर किसी सक्षम व्यक्ति ने गलत तरीकों से लाल कार्ड बनवा लिया है तो उसकी भी जानकारी दें। किसी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की उपस्थिति नहीं रहती तो उसकी भी जानकारी दें।
कई विभागों के लगे थे स्टॉल | कार्यक्रम में राजस्व विभाग, श्रम नियोजन, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि एवं सहकारिता विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), सामाजिक सुरक्षा सहित कई अन्य विभागों के स्टॉल स्थापित किए गए थे। कार्यक्रम शुरू होने के पूर्व ही ग्रामीणों की भीड़ इन स्टॉलों में इकट्ठा होना शुरू हो गई थी। और कार्यक्रम की समाप्ति तक विभिन्न स्टॉलों में उपस्थित पदाधिकारियों व कर्मियों से ग्रामीण अपनी समस्याओं का समाधान करवाते देखे गए।
100 से अधिक मामलों पर हुई कार्रवाई
कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक मामलों पर कार्रवाई की गई। आचरण प्रमाण पत्र के लिए 5, पेंशन संबंधी 67, दाखिल खारिज के 02, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 07, दिव्यांग निःशक्तता पेंशन योजना के 06, प्रधानमंत्री आवास योजना के 10, मनरेगा के 02 व पीएचईडी विभाग के 02 आवेदन सहित कई अन्य विभागों के कई आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त सभी शिकायतों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई और जल्द ही इन सभी मामलों को निष्पादित करने का आश्वासन दिया गया।
आकर्षक रही उन्नत कृषि की प्रदर्शनी
कार्यक्रम में जेएसएलपीएस की तरफ से उपस्थित तुलबुल आजीविका महिला संकुल संगठन की महिला सदस्यों ने उन्नत तकनीक से संबंधित प्रदर्शनी लगाकर भरपूर सराहना बटोरी। उन्होंने खेती में तकनीक की उपयोगिता अपने प्रदर्शों के जरिए दिखाई। महिलाओं ने स्वयं सहायता समूह बनाने संबंधी प्रक्रिया की जानकारी भी उपस्थित महिलाओं को दी।
147 मरीजों की हुई जांच
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए शिविर में 147 मरीजों की प्राथमिक जांच की गई। स्टॉल में डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, बुखार सहित पेट दर्द जैसी कई बीमारियों की शिकायत लेकर पहुंचे लोगों की डॉक्टरों ने जांच कर उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराईं।
कई अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर बेरमो एसडीओ प्रेम रंजन, गोमिया के सीओ ओम प्रकाश मंडल, डीपीआरओ राहुल कुमार भारती, डीईओ नीलम आइलिन टोप्पो, डीएसई रेणुका तिग्गा, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) रविशंकर मिश्रा, वरीय लेखा पदाधिकारी मनरेगा पंकज दुबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते डीडीसी रवि रंजन मिश्रा।

إرسال تعليق