सीकर (यादवेंद्र सिंह राठौड़).प्रदेश के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में सत्र 2020-21 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 29 फरवरी से शुरू होगी। आवेदन 16 मार्च तक होंगे। माध्यमिक शिक्षा राजस्थान बीकानेर के निदेशक सौरभ स्वामी के अनुसार कक्षा एक में समस्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। कक्षा 2 से 9वीं तक में पिछले वर्ष स्वीकृत सीटों में खाली हुई सीटों पर ही प्रवेश दिया जा सकेगा। प्राप्त आवेदन पत्रों की सूची 17 मार्च को विद्यालयों के नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी। कक्षा एक के लिए 19 मार्च को लॉटरी निकाली जाएगी और 20 मार्च से कक्षाएं शुरू होंगी। इन स्कूलों का एक सेशन भी पूरा होने जा रहा है। पिछले साल के रुझान देखते हुए इस साल भी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में वेटिंग लिस्ट बनना तय है।

जयपुर : इंग्लिश में 60 फीसदी अंक

मानसरोवर स्थित स्कूल में कक्षा एक से आठ तक के कुल 286 में से 100 छात्रों ने हाफ ईयरली परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक हासिल किए। कक्षा 1 से 5 तक यहां 30 व क्लास 6 से 8 तक कक्षावार 35 सीटें स्वीकृत हैं। अचीवमेंट के रूप में स्कूल की दो छात्राओं का राष्ट्रीय खेलों के लिए चयन हुआ था।

उदयपुर : अंग्रेजी में संवाद मजबूत

इस सेशन से धानमंडी स्थित महात्मा गांधी विद्यालय को इंग्लिश मीडियम किया गया। कक्षा 1 से 8 तक अंग्रेजी माध्यम में यहां 177 और कक्षा 9 से 12 तक 89 छात्र हैं। 8वीं की छात्रा अवनी औदिच्य जिला स्तरीय प्रदर्शनी में पहला स्थान प्राप्त कर चुकी है। स्कूल प्रिंसिपल अनिल थाॅमस ने बताया कि छात्रों की इंग्लिश काफी सुधर रही है। वे खेलकूद में भी काफी पद जीत चुके हैं।

अजमेर : स्पेलिंग सीखने में अव्वल

कक्षा 1 से 5 तक 150 स्टूडेंट्स और कक्षा 6 से 8 तक 105 स्टूडेंट्स का नामांकन है। शिक्षकों के 35 पद हैं, इनमें से कम्प्यूटर टीचर का एक पद खाली है। स्कूल की छात्रा अविका भटनागर ने जिला स्तर पर आयोजित स्पेलिंग कॉम्पिटीशन सहित अन्य अंग्रेजी प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन किया है। छात्रों की स्पीकिंग स्किल्स को निखारने के लिए यहां कई प्रयोग किए जा रहे हैं।

सीकर : बनी है स्टूडेंट काउंसिल

यहां कुल 273 छात्र हैं। यहां अर्द्धवार्षिक परीक्षा का औसत परिणाम 80 प्रतिशत रहा है। विद्यालय में लाइब्रेरी व 10 कम्प्यूटर की लैब भी है। बच्चों को प्रतिदिन प्रार्थना सभा के बाद एक पीरियड में बास्केटबॉल, जूड़ो-कराटे व एरोबिक्स सिखाया जाता है। यहां कुल 23 लोगों का स्टाफ है जिनमें से 15 शिक्षक हैं। छात्रों में लीडरशिप स्किल्स के लिए स्टूडेंट काउंसिल भी बनाई गई है।

दूसरी से नवीं का शेड्यूल
  • कक्षा 2 से 9वीं के लिए 6 से 23 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।
  • 5 मार्च को नोटिस बोर्ड पर सीटों की संख्या लगाई जाएगी।
  • 24 मार्च को आवेदन पत्रों की सूची हर जिले में लगाई जाएगी।
  • 26 मार्च को लॉटरी निकाली जाएगी।
  • 27 मार्च तक आवेदन प्रक्रिया पूरी होकर पढ़ाई शुरू हो जाएगी।

प्रतीकात्मक फोटो।



Post a Comment

أحدث أقدم