बौंसी के एसबीपी विद्या विहार स्कूल की तेज रफ्तार बस ने सोमवार को इंटर की छात्रा सुप्रिया कुमारी को टक्कर मार दी और फिर करीब 20 फीट तक घसीटी। घटनास्थल पर मौजूद लोग जब दौड़े तब चालक ने बस रोकी, जिसके बाद ग्रामीण और परिजन जख्मी को लेकर बाराहाट अस्पताल पहुंचे। यहां समय से इलाज नहीं होने और डॉक्टर द्वारा मौखिक रूप से जख्मी को रेफर किए जाने के बाद परिजन उसे बाैंसी रेफरल अस्पताल लेकर गए। जहां से भागलपुर के लिए रेफर किया गया।

भागलपुर जाने के दौरान ढाका मोड़ के पास छात्रा की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने बाराहाट अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान ने किसी प्रकार समझाकर शांत कराया।

इधर, पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार और वाहन को जब्त कर लिया है। बता दें कि उक्त स्कूल का बस नंबर 9 तेज रफ्तार में बौंसी स्थित स्कूल के बच्चों को लेकर बाराहाट की तरफ आ रहा था, तभी औरिया के पास ऑटो से उतरकर अपने घर जा रही छात्रा सुप्रिया कुमारी को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छात्रा का दुपट्टा बस में फंस गया और चालक ने बस की रफ्तार कम नहीं की और करीब 20 फीट तक छात्रा को घसीटते ले गया।

आरोप पर दो अलग-अलग जवाब

डॉ. रश्मि चाय पीने बाहर गईं थीं, सूचना मिलने पर तुरंत आई

करीब 200 मरीजों को देखने के बाद डॉ. रश्मि सीमा थोड़ी थक गईं थीं और चाय पीने के लिए बाहर निकली थीं। जैसे ही पेशेंट के आने की खबर उन्हें दी गई तो तुरंत आकर इलाज शुरू किया। प्राथमिक इलाज कर बेहतर इलाज के लिए ले जाने को कहा। वहीं एम्बुलेंस एक ही होने के कारण ऑन वे था, इसलिए समय पर एम्बुलेंस नहीं दी जा सकी।
-डॉ नीलांबर निलय, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाराहाट

सुप्रिया की मां बोली- दोषी डॉक्टर बर्खास्त हो, जांच का मिला आश्वासन

छात्रा की मां शीला देवी ने बाराहाट अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर अस्पताल प्रबंधन द्वारा समय पर एम्बुलेंस व समय पर डॉक्टर द्वारा बेटी का इलाज शुरू किया जाता तो शायद मेरी बेटी जिंदा होती। डॉक्टर पर उन्होंने कार्रवाई किये जाने की मांग करते हुए कहा कि बार-बार डॉक्टर को बुलाने पर ही डॉक्टर नहीं आ रही थी, वे अपनी निजी क्लीनिक में व्यस्त थी। उन्होंने डॉक्टर को बर्खास्त करने की मांग करते हुए हंगामा किया। हंगामा को शांत कराये जाने के लिए थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान द्वारा मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

आधे घंटे बाद मरीज के पास पहुंचीं डॉक्टर रेफर किया, लेकिन एंबुलेंस तक नहीं दी गई

हादसे के बाद दम तोड़ चुकी छात्रा सुप्रिया कुमारी के परिजनों ने बाराहाट अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों ने कहा कि जब वे लोग जख्मी सुप्रिया को लेकर अस्पताल पहुंचे तो ड्यूटी पर तैनात डॉ. रश्मि सीमा अस्पताल से गायब थीं। इस कारण काफी समय तक छात्रा का इलाज शुरू नहीं हो सका। परिजन द्वारा बार-बार डॉक्टर को बुलाने पर करीब आधे घंटे बाद डॉक्टर अस्पताल पहुंची और छात्रा का इलाज शुरू किया। प्राथमिक इलाज किए जाने के बाद बिना चिट्ठे पर रेफर लिखे ही भेज दिया गया। जब परिजनों ने एम्बुलेंस की मांग की तो अस्पताल प्रबंधन द्वारा एम्बुलेंस मुहैया नहीं कराई गई। थक-हार कर परिजनों ने छात्रा को ऑटो से बौंसी रेफरल अस्पताल लेकर गए, जहां से एम्बुलेंस देकर भागलपुर रेफर किया गया।

जब मरीज आई, तब मैं बंध्याकरण कर रही थी

जिस समय जख्मी छात्रा को अस्पताल लाया गया, उस समय मैं अस्पताल में ही थी। बंध्याकरण ऑपरेशन में व्यस्त थी। फिर भी थोड़ी देर में ही छात्रा का इलाज कर उसे बेहतर इलाज के लिए ले जाने को कहा। मेरे ऊपर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं।

-डॉ. रश्मि सीमा, डॉक्टर, बाराहाट

बाराहाट अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर इलाज नहीं करने का आरोप, परिजनों ने किया हंगामा

छात्रा सुप्रिया कुमारी की मौत के बाद बाराहाट अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की लगी भीड़ और विधि-व्यवस्था को लेकर मौजूद पुलिस के जवान।

औरिया के पास सोमवार को निजी स्कूल की बस की टक्कर से गंभीर रूप से जख्मी छात्रा का इलाज बिना मौत होने से अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा करते ग्रामीणों और परिजनों को समझाती पुलिस।

Barahat News - school bus collides with inter student drags 20 feet dies while going to bhagalpur for treatment
Barahat News - school bus collides with inter student drags 20 feet dies while going to bhagalpur for treatment



Post a Comment

Previous Post Next Post