गुरुवार की सुबह ब्यावर में काेराेना विस्फोट हुआ। एक साथ पांच काेराेना पाॅजिटिव पाए गए। अब ब्यावर क्षेत्र में पाॅजीटिव की संख्या 11 हाे गई है। बुधवार को जांच के लिए अजमेर भेजे गए सेंपलों में से 5 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। पॉजिटिव आए लोगों में 1 महिला भी शामिल है।
रिपोर्ट आते ही पांचों को अजमेर हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। ब्यावर का कसाबान मोहल्ला कोराेना का हॉट स्पॉट बन रहा है। पिछले तीन दिनों में कसाबान मोहल्ला क्षेत्र से दो जनों को कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हो चुकी है। 50 से अधिक लोगों को क्वारेंटाइन कर सेंपल जांच के लिए भिजवाए गए हैं। ब्यावर में पहली बार एक दिन में 5 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पाॅजिटिव आई है।
68 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव
बुधवार को राजकीय अमृतकौर अस्पताल से कुल 89 सेंपल जांच के लिए गए। इनमें से गुरुवार सुबह 5 जनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन सकते में आ गया। हालांकि शाम होते होते 68 अन्य जनों की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। जिनकी पहली रिपोर्ट नेगेटिव आई है उन्हें जैन जवाहर भवन में शिफ्ट किया जाएगा। 15 दिन बाद इनके फिर से सेंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए जाएंगे। जिसके रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रभावित क्षेत्रों में बढ़ेगी सख्ती
चिकित्सा विभाग द्वारा गुरुवार को जारी लिस्ट में ब्यावर शहरी क्षेत्र के 2 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि पाई गई है। जिसके बाद प्रशासन भी सकते में आ गया। हालांकि कसाबान मोहल्ला क्षेत्र को पहले ही जीरो मोबिलिटी क्षेत्र घोषित किया गया है। लेकिन रिपोर्ट जारी होने के तुरंत बाद प्रशासन द्वारा गणेशपुरा क्षेत्र में भी सख्ती बढ़ा दी गई। गणेशपुरा इलाके में भी प्रभावित क्षेत्र में प्रशासन द्वारा जीरो मोबिलिटी क्षेत्र जारी करने की कवायद शुरू कर दी गई।
कोरोना पॉजिटिव से संपर्क की रही हिस्ट्री
ब्यावर में गुरुवार को दो जनों में में कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जानकारी मिली है कि पॉजिटिव आई महिला उसी क्षेत्र से है जहां से दो दिन पूर्व एक युवक पॉजिटिव पाया गया था। वहीं गणेशपुरा क्षेत्र से पॉजिटिव व्यक्ति कुछ दिन पूर्व सेंदरिया क्षेत्र से कोरोना पॉजिटिव आई महिला का रिश्तेदार है।
सभी पॉजिटिव अस्पताल में उपचाररत
गुरुवार को चिकित्सा विभाग जारी लिस्ट में पांच लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की गई। इनमें से केसरपुरा निवासी 40 वर्षीय एक युवक, मसूदा निवासी 32 वर्षीय युवक, गणेशपुरा निवासी 55 वर्षीय एक व्यक्ति, पाली जिले के रायपुर निवासी 21 वर्षीय युवक है तथा 20 वर्षीय एक महिला कसाबान मोहल्ला क्षेत्र की निवासी है। इन सभी काे ब्यावर राजकीय अमृतकौर अस्पताल के क्वारेंटाइन वार्ड में भर्ती किया गया था। बुधवार को इन सभी के सेंपल जांच के लिए भिजवाए गए थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इन सभी को रैफर कर दिया गया।
Post a Comment