भारतीय फौज ने रविवार को कोरोना महामारी के खिलाफ जंग लड़ रहे फ्रंट लाइन योद्धाओं को सलाम किया। सरकारी मेडिकल काॅलेज में पटियाला आर्मी स्टेशन की ओर से मिलिट्री बैंड से शानदार धुनें बजाकर डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, पुलिस और सफाई कर्मियों में जोश भरा।
आर्मी स्टेशन के सीनियर अधिकारियों ने मेडिकल काॅलेज के प्रिंसिपल डाॅ. हरजिंदर सिंह और एसपी सिटी वरुण शर्मा को समूचे डाॅक्टरों और पुलिस को सम्मान भेंट करने के लिए फलों की टोकरियां भेंट की। फौज के अधिकारियों ने डॉक्टरों, पुलिस और सफाई कर्मचारियों व कोविड -19 के अन्य योद्धाओं का धन्यवाद किया, जो महामारी से बचाने के लिए अपना योगदान दे रहे हैं। मेडिकल काॅलेज का माहौल उस समय और खुशनुमा हो गया जब मिलिट्री बैंड ने अलग -अलग धुनें बजाकर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। मिलिट्री बैंड ने ‘सारे जहां से अच्छा’, ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’, ‘देह शिवा वर मोह यह’ और ‘मां तुझे सलाम’ की धुनें बजा कर कोरोना योद्धाओं को सम्मान भेंट किया।
मेडिकल काॅलेज के प्रिंसिपल डाॅ. हरजिंदर सिंह ने मिलिट्री के अधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समूचा मेडिकल स्टाफ कोरोना जंग को जीतने के लिए तनदेही के साथ 24 घंटे मरीजों की सेवा में तत्पर है। इस मौके पर राजिंदरा अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डाॅ. पारस पांडव, डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट विनोद डंगवाल, मेडिसन हेड डाॅ. आरपीएस सिबिया, डाॅ. विशाल चोपड़ा, डाॅ. सचिन कौशल, डाॅ. रुपिंदर कौर गिल समेत स्टाफ नर्सें, लेबोरेटरी स्टाफ, दर्जा चार, सुरक्षा कर्मचारी मौजूद थे।

Post a Comment