श्री हजूर साहिब से लौटे यात्रियों में से 4 और यात्रियों के कोरोनावायरस की सोमवार को पुष्टि हुई है। सेहत विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सलेमपुर के रहने वाले 50 साल के व्यक्ति, जानियां कलां के रहने वाले 54 साल के व्यक्ति, आदमपुर के रहने वाले 57 साल के व्यक्ति और पीएपी कैंपस की रहने वाली 50 साल की महिला को संक्रमण की पुष्टि हुई है। चारों यात्रियों को नांदेड़ साहिब से लाने के बाद जिला प्रशासन ने कपूरथला रोड स्थित मेरिटोरियस स्कूल में बने आइसोलेशन वार्ड में रखा है। अब तक जालंधर में 9 श्रद्धालुओं के संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है। इसके साथ ही सोमवार को जिले में कोरोनावायरस के संक्रमित मरीजों की संख्या 131 तक पहुंच गई है। उधर, सोमवार को सिविल अस्पताल से कोरोनावायरस से
पीड़ित किला मोहल्ला और बस्ती शेख के रहने वाले दो मरीजों को छुट्टी दे दी गई है। विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों के रिपीट सैंपल निगेटिव आए थे। इसके बाद ही उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। बता दें कि सोमवार रात तक सिविल अस्पताल में कोरोनावायरस से संक्रमित 126 एक्टिव मरीज उपचाराधीन हैं। सिविल अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. हरिंदर पाल सिंह का कहना है कि अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल सभी मरीजों में रविवार तक कोई भी वेंटिलेटर पर नहीं है और न ही कोई मरीज गंभीर हालात में है।
मेयर के ओएसडी की रिपोर्ट निगेटिव तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने का इंतजार
मेयर जगदीश राजा के ओएसडी हरप्रीत वालिया की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद मेयर के साथ ही निगम प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। वालिया के दो दिन पहले लिए गए सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रविवार को लिए सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आने पर आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी मिल जाएगी। फिलहाल 14 दिन होम क्वारेंटाइन रहना होगा। उधर, वालिया के संपर्क में रहने के कारण निगेटिव रिपोर्ट आने के बावजूद मेयर को 5 मई तक के लिए होम क्वारेंटाइन किया गया था यानी बुधवार से मेयर सिटी में निगम के कामकाज के निरीक्षण के लिए निकल सकेंगे।
सोमवार को 89 संदिग्ध मरीजों के लिए गए सैंपल, लैब से 28 अप्रैल की रिपोर्ट अभी भी पेंडिंग
सेहत विभाग ने डॉक्टरों को एक दिन में कम से कम 300 सैंपल लेने के लिए कहा है। सोमवार को 89 लोगों के सैंपल लिए गए। जबकि सिविल अस्पताल की तरफ से 28 अप्रैल को भेजे सैंपल्स की अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। जिला सेहत विभाग न इसका कारण बता रहे हैं और ही अमृतसर लैब से जानकारी ले रहे हैं। बता दें कि सोमवार को प्राइवेट अस्पताल से रेफर हुए संदिग्ध मरीज की मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि वह हार्ट और हाइपरटेंशन का मरीज था। फिलहाल उसके सैंपल लिए गए हैं।
रिपीट टेस्ट, 10 दिनों में 15 मरीजों की आई पॉजिटिव रिपोर्ट
सिविल अस्पताल में 8 से 14 अप्रैल के बीच दाखिल हुए 28 कोरोना पॉजिटिव मरीजों के सैंपल दोबारा लेकर लेबोरेट्री में भेजे गए थे, जिनमें से 15 की रिपोर्ट में दोबारा पॉजिटिव आई है। इन मरीजों की हालात गंभीर नहीं है और न ही इन मरीजों को किसी भी प्रकार का कोई लक्षण भी है। डॉक्टरों का कहना है कि इनके टेस्ट दोबारा जांच के लिए भेजे जाएंगे। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल स्थिति अंडर कंट्रोल है। सिविल अस्पताल में दाखिल किसी भी मरीज की हालत चिंताजनक नहीं है।

Post a Comment