मनोहर मेमोरियल शिक्षण महाविद्यालय फतेहाबाद के एनएसएस विभाग की ओर से आई हेल्थ एंड डिजिटल वैलनेस पर ऑनलाइन लाइव वेबिनार का आयोजन किया गया।
एनएसएस इंचार्ज डॉ. बतरा ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान चाहे वह छोटा बच्चा है या बड़ा, पुरुष है या महिला, प्रत्येक का लैपटॉप/मोबाइल पर स्क्रीन टाइम बढ़ गया है। जिसका सीधा असर हमारी आंखों व मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। हम किस प्रकार से अपनी आंखों की उचित देख-भाल कर सकते है इसी उद्देश्य को लेकर इस वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार में मंथन आई हेल्थ केयर फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. स्वामी दिव्यानंद महाराज ने कहा कि आज पूरा देश लॉकडाउन की स्थिति से गुजर रहा है और प्रशासन भी हम सब की सुरक्षा के लिए पूरा प्रयास कर रहा है। लेकिन यह लॉकडाउन हमारे लिए, हमारे बच्चों के लिए कई समस्याएं भी लेकर आया है।
आज हम अपने आप को व्यस्त रखने के लिए किसी न किसी डिजिटल डिवाइस का उपयोग कर रहे है जिसका सीधा असर हमारे मानसिक व शारीरिक पटल पर पड़ रहा है। इसलिए हमें ध्यान देना होगा कि मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए इनका जितना उपयोग कम से कम हो सके उतना करें व समय-समय पर नेत्र विशेषज्ञ द्वारा बताएं गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी आंखों की समुचित देख-भाल करते रहें।
नेत्र विशेषज्ञ डाॅ. विनोद शर्मा ने आंखों की उचित देखभाल, थोड़ी-थोड़ी देर बाद आंखों के व्यायाम व आंखों से सम्बन्धित बहुत ही महत्वपूर्ण जानकारियों को सांझा किया। उन्होंने एक बात पर विशेष जोर दिया कि हम लगातार 20 मिनट से अधिक समय तक मोबाइल व लैपटॉप इत्यादि पर काम न करें व थोड़े समय का ब्रेक लेने के बाद आप उस काम को दोबारा कर सकते है।
वेबिनार के सफल आयोजन के लिए मनोहर मेमोरियल शिक्षण महाविद्यालय की प्रबंधक समिति के चेयरमैन आत्म प्रकाश बतरा, प्रधान राजीव बतरा, उप-प्रधान संजीव बतरा, महासचिव एडवोकेट विनोद मेहता व महाविद्यालय की प्राचार्या डा. जनक मेहता ने कार्यक्रम आयोजन पर इंचार्ज डाॅ. कविता बतरा व आईसीटी विभाग के इंचार्ज ललित चोपड़ा को बधाई प्रदान की।

Post a Comment