भले ही शहर का बाजार दो बजे बंद हो गया लेकिन शहर में शराब के ठेके 36 दिन बाद खुलने पर शराब के दीवानों में खुशी छा गई। रोहतक रोड स्थित बस स्टैंड के पास अंग्रेजी शराब के ठेके में चार घंटे में 52 पेटी शराब बिक्री हुई। शाम छह बजे तक शहर में चार अंग्रेजी शराब के ही ठेके खुले पाए थे। शाम तक शहर में लगभग 15 लाख रुपये की शराब की बिक्री हुई है। खास बात यह हैं कि ठेके के बाहर शराब खरीदने वाले सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करते हुए दिखाई दिए और ठेके पर अधिक भीड़ नहीं रही।
सरकार की स्वीकृति व प्रशासन के आदेशों के बाद बुधवार दोपहर बाद आबकारी एवं कराधान विभाग ने ठेकेदारों को ठेके खोलने निर्देश दिए। नए ठेकेदारों को लाइसेंस जारी किए गए है। क्योंकि 31 मार्च को शराब ठेकेदारों की ठेका अवधि समाप्त हो गई थी। इसके बाद लॉकडाउन के चलते ठेके खोलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बाद से नए ठेकेदारों को लाइसेंस जारी नहीं किए गए थे। बुधवार को ही नए ठेकेदारों को आबकारी एवं कराधान विभाग की तरफ से प्रोविजनल लाइसेंस जारी किए हैं। इसके बाद ही ठेकेदारों ने नए ठेके खोलने की व्यवस्था की। इस प्रक्रिया को शाम तक शहर के चार ठेकेदार ही पूरा कर पाए थे। सुबह दस बजे ही जिन ठेकेदारों को शराब के ठेके अलॉट हुए थे वह लघु सचिवालय स्थित आबकारी एवं कराधान विभाग के दफ्तर में पहुंच गए थे और जरूरी कागजी कार्रवाई शुरू की। लगभग सभी ठेकेदारों को प्रोविजनल लाइसेंस जारी कर दिए है। लाइसेंस जारी होने के बाद ही शाम को ठेकेदारों ने ठेका शॉप की व्यवस्था की और विभाग के गोदामों से शराब लेकर ठेके में लेकर आए। शहर के चार ठेकेदार ही शाम तक ठेके खोलने की व्यवस्था कर पाए थे।
बस स्टैंड के सामने पहले खुला ठेका
बुधवार को सबसे पहले रोहतक रोड स्थित बस स्टैंड के सामने बना अंग्रेजी शराब का ठेका खुला। ठेकेदार ने सोशल डिस्टेंसिंग के लिए ठेका शॉप के बाहर बाकायदा बास व बल्लियां लगाई गई थी ताकि ठेके पर अधिक भीड़ होने पर लोगों को नियंत्रित किया जा सके और सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करवाई जा सके। विभाग के नियम व शर्तों के अनुसार ठेका खोलने से पहले ठेके के बार सोशल डिस्टेंसिंग की पालना सुनिश्चित करने की व्यवस्था करने के आदेश दिए गए थे। इसी के चलते चारों ठेकों के बाहर बास व बल्लियों के सहारे सोशल डिस्टेंसिंग की पालना की व्यवस्था की गई थी।
शाम 6 बजे तक 200 पेटी बिकी
शाम 6 बजे तक 4 घंटे में शहर के 4 ठेकों पर 200 पेटी शराब बिक्री हुई। नया बस स्टैंड के नजदीक बने ठेके पर शाम छह बजे तक 52 पेटी शराब बिक्री हो चुकी थी। अन्य तीन ठेकों पर भी प्रत्येक पर लगभग 45 से 50 पेटी शराब बिक्री हुई।
ठेकों के बाहर बैरिकेड लगाने के भी दिए हैं निर्देश
ठेकेदारों को प्रोविजनल लाइसेंस जारी कर दिए हैं। ठेकेदारों को ठेकों के अंदर व बाहर सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करवाने, मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए है। ठेकों के बाहर बैरिकेड लगाने के भी निर्देश दिए हैं ताकि दिल्ली की तरह ठेकों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का उल्लंघन न होने पाए। जो ठेकेदार बुधवार को व्यवस्था नहीं कर पाए हैं, वे एक-दो दिन में ठेके खोलने की व्यवस्था कर लेंगे।'' -अनिल यादव, डीईटीसी, आबकारी एवं कराधान विभाग।
Post a Comment