जाखल की पंजाब सीमा पर गोवंश से भरे ट्रक को गोरक्षा दल सदस्यों ने काबू किया है। जाखल की पंजाब सीमा के तलवाड़ा फाटक पर पकड़े गए ट्रक में 12 बैलों को ठूंस ठूंस कर भर रखा था। गौरक्षा दल ने इसे पंजाब की चोटियां पुलिस को सौंप कर गाेतस्करी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में दो के खिलाफ गौरक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज कर 1 व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हाे गया।
पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में जिला संगरूर के गौरक्षा सेवा दल प्रधान मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पंजाब से एक ट्रक में गोवंश को भरकर यूपी में वध के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पाकर गौरक्षा सेवा दल सदस्यों ने पंजाब की तमाम राज्य सीमाओं के अलावा हरियाणा की जाखल, टोहाना सीमा पर भी नाकाबंदी करते हुए गौ तस्करों की तलाश शुरू कर दी। तलाश के चलते सोमवार सुबह 4 बजे जाखल के तलवाड़ा रेलवे फाटक के पास एक ट्रक को गुजरता पाकर पुलिस की मदद से जांच की गई तो उसमें बैल भरे हुए पाए। ट्रक में 12 गोवंश बुरी तरह ठूंस ठूंस कर भरे हुए थे। ट्रक पकड़े जाने की सूचना मिलते ही संगरूर गौरक्षा दल प्रधान मुकेश कुमार, टोहाना से जिला प्रधान गौरव गोयल, साहिल गिल, पातड़ां से हन्नी शास्त्री, संजू शर्मा, जाखल से प्रधान माधव, बंगा मूनक से प्रधान सिंदा बाबा, राजीव, रामपुरा फूल से प्रधान संदीप वर्मा आदि मौके पर पहुंच गए।
गोवंश से भरे ट्रक में सवार दो व्यक्तियों में से एक मौका पाकर फरार हो गया। जबकि पुलिस ने एक व्यक्ति प्रवीन कुमार निवासी शामली को काबू कर लिया। ट्रक को कब्जे में लेकर उसमें लदे सारे गोवंश को लैहरागागा की गौशाला में मुक्त किया गया। चोटियां चौकी प्रभारी हरविंद्र सिंह ने बताया कि मामले में गौरक्षा अधिनियम के तहत दो व्यक्तियों को नामजद किया गया है। एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि दूसरा फरार है। सभी 12 बैलों को मुक्त करा कर कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment