कोरोना संक्रमण फैलने से रोकथाम के लिए त्वरित मानिटरिंग को लेकर एसडीएम पिंकी मीना ने बुधवार को सेक्टर प्रभारी एवं ब्लॉक लेवल अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी एसपी संजय सिंह चंपावत, तहसीलदार ओमप्रकाश गुर्जर, बीडीओ मोहनसिंह फौजदार, बीसीएमएचओ डॉ. आरपी मीना, नगर पालिका ईओ डॉ. बीएल मीना, सीबीईईओ चौथमल मीना, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उदय सिंह अवाना सहित सामाजिक सुरक्षा अधिकारी एवं सेक्टर अधिकारियों को संबोधित करते हुए एसडीएम पिंकी मीना ने कहा कि लॉकडाउन की सख्ती से पालना कराएं, सामाजिक दूरी बनाए रखें तथा आइसोलेशन का प्रभावी रूप से निगरानी करें।
समय-समय पर सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव कराएं। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंद लोगों को राशन का किट व भोजन के पैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर सेक्टर प्रभारियों से जानकारी ली। बिना अनुमति वाले वाहनों की आवाजाही तुरंत रोकें। उन्होंने कहा कि जानकारी में आया कि कुछ कर्मचारी रोजाना या एक-दो दिन के अंतराल में बाहर से आते जाते रहते हैं। ऐसे लोगों पर सख्ती से निगरानी रखी जाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करें।
क्षेत्र में कोई भी सामाजिक, धार्मिक समारोह व मेले जैसे आयोजन नहीं होने दें। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में सुबह-शाम कुछ लोग गली-मौहल्लों में बाहर निकलते हैं। ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित कर उन्हें रोकने के लिए कारगार कदम उठाएं।
एसडीएम ने सीबीईईओ को निर्देश दिए कि जो महिला कार्मिक लॉकडाउन के दौरान घर पर रह रही हो उन्हें प्रेरित किया जाए व मास्क बनाकर लोगों को उपलब्ध कराएं। इसी तरह अन्य विभाग भी इस पर अमल करें।
Click here to see more details



Post a Comment