कोरोनावायरस का फैलाव राेकने के लिए लागू कर्फ्यू दाैरान शराब की होम डिलीवरी देने वाले दो तस्कर सीआईए स्टाफ ने पकड़े हैं। दोनों टैक्सी का इस्तेमाल कर रहे थे। गांव धीना के रहने वाले 34 साल के दीपक उर्फ दीपू और 22 साल के अली मोहल्ला के रहने वाले फाइनांसर मनी गिल के खिलाफ आबकारी एक्ट और कर्फ्यू तोड़ने का केस दर्ज किया गया है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपियाें ने कहा कि कर्फ्यू के बावजूद ठेकाें से शराब मिल रही है।
डीसीपी गुरमीत सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ के इंचार्ज हरमिंदर सिंह सैनी को सूचना मिली थी कि एक टैक्सी में शराब की होम डिलीवरी हाे रही है। पुलिस ने ट्रैप लगा बस्ती अड्डा चौक में टैक्सी राेकी। टैक्सी में से शराब की 7 पेटियां बरामद हुईं। पूछताछ में टैक्सी चालक दीपक ने कहा कि वह आत्महत्या के लिए मजबूर करने केस में दो साल पहले जेल गया था। बरी होने के बाद शराब की तस्करी शुरू कर दी। मनी गिल बीएपास है और ब्याज पर पैसे देता है। कर्फ्यू के कारण धंधा मंदा होने पर दीपक के साथ शराब की होम डिलीवरी करने लगा था।
आरोपी बोले- सुबह नहीं हाेती सख्ती
फाइनांस का काम करने वाले मनी ने पुलिस काे बताया कि सुबह पुलिस की ज्यादा सख्ती नहीं हाेती। इसका फायदा उठाकर हाेम डिलीवरी कर रहे थे। फाेन पर ऑर्डर मिलने पर एरिया के हिसाब से लिस्ट तैयार कर डिलीवरी देने निकल जाते थे। सुबह काेई सब्जी लेने जाता है तो कोई राशन। ऐसे में पुलिस ज्यादा ध्यान नहीं देती। सीआईए स्टाफ इंचार्ज हरमिंदर सैनी ने कहा कि पुलिस ठेकेदार को तलब कर पूछताछ करेगी।
न्यू संत नगर में बिक रही थी शराब, दो अरेस्ट
पुलिस ने कर्फ्यू के दाैरान बस्ती शेख के न्यू संत नगर में शराब बेच रहे दो लोग पकड़े हैं। इनसे एक-एक पेटी शराब बरामद हुई है। थाना डिवीजन नंबर-5 में न्यू संत नगर के दीपक उर्फ दीपू और हैप्पी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा-61 के तहत केस दर्ज किया गया है। एसएचओ रविंदर कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि दीपक और हैप्पी अपने घर के बाहर शराब बेच रहे हैं। पुलिस ने रेड कर दोनों को पकड़ लिया।
Click here to see more details



Post a Comment