सब्जी मंडी के आढ़तियों को पैसों का मोह छूटता नजर नहीं आ रहा है, बठिंडा पुलिस ने रविवार देर रात कार्यवाही करते हुए दाना मंडी के नजदीक सरदूलगढ़, डबवाली व रामपुरा से सब्जी लेकर आए तीन पिकअप व छोटा हाथी, जोकि राजस्थान से वाया हरियाणा से आई बताई जाती है, को पकड़ा है। बठिंडा जिले से बाहर से आई सब्जी से लदे यह वाहन सब्जी मंडी के बाहर ही कहीं उतरने थे, लेकिन पुलिस ने पहले ही रेड कर इन्हें पकड़ लिया जिस पर थाना कोतवाली ने तीन आढ़तियों पर मार्केट कमेटी सचिव की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने करीब 12 दिन पहले रेड कर मलेरकोटला से आती सब्जी को पकड़ा व कुछ आढ़तियों पर केस दर्ज हुआ, लेकिन इस काम के जारी रहने का सिलसिला बदस्तूर जारी है।
पुलिस को मिली शिकायत के बाद रविवार देर रात करीब 1.30 बजे दाना मंडी के नजदीक डीएसपी गुरजीत रोमाणा व मार्केट कमेटी सचिव की मौजूदगी में एसएचओ दविंदरपाल सिंह व सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने रेड की तो वहां से रामपुरा, डबवाली व सरदूलगढ़ आदि से आए सब्जियों से भरे पिकअप व छोटा हाथी मिले। रविवार की रेड में सब्जी मंगवाने वाले करीब तीन आढ़तियों पर पुलिस ने केस दायर कर लिया है।
3 वाहन पकड़े, आढ़तियों पर दर्ज किया केस
पुलिस ने रेड कर बाहर से सब्जी ला रहे 3 पिकअप व छोटा हाथी वाहन पकड़े हैं। इसमें सब्जी मंगवाने वाले आढ़तियों को भी नामजद किया गया है। इस रेड में मार्केट कमेटी सचिव भी पुलिस के साथ मौजूद थे जिनकी शिकायत के आधार पर ही पुलिस ने केस दर्ज किया है। दविंदर सिंह, एसएचओ, कोतवाली

Post a Comment