मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पहलकदमी से राजस्थान के कोटा में फंसे पंजाब के 153 विद्यार्थी सोमवार को पंजाब लौटे। बठिंडा जिले के हरियाणा के साथ लगती डूमवाली सीमा पर प्रशासन ने इन विद्यार्थियों का प्राथमिक मेडिकल चेकअप के बाद इन्हें इनके पैतृक जिलों के लिए रवाना किया।
डीसी बी श्रीनिवासन ने बताया कि जिले की सीमा पर बसों में आए विद्यार्थियों का मेडिकल चेकअप किया गया, वहीं इन्हें नाश्ता दिया गया। यहां से पीआरटीसी की बसों के जरिए इन विद्यार्थियों के इनके जिलों के लिए रवाना कर दिया गया। विद्यार्थियों ने पंजाब सरकार की ओर से उनकी घर वापसी के लिए प्रबंध करने व अंतरराज्यीय हद से घर तक पीआरटीसी की बसें मुहैया करवाने के लिए आभार जताया।
बठिंडा के रास्ते पंजाब लौटे इन विद्यार्थियों में बठिंडा के 24 विद्यार्थियों के अलावा बरनाला का 1, लुधियाना के 25, होशियारपुर के 2, तरनतारन का 1, श्री अमृतसर साहिब के 9, गुरदासपुर के 13, पठानकोट के 16, फरीदकोट के 2, फिरोजपुर के 16, श्रीमुक्तसर साहिब के 2, फाजिल्का के 14, मोगा का 1, जालंधर के 10, कपूरथला के 4 विद्यार्थी शामिल हैं। तलवंडी साबो की छात्रा हरप्रीत कोर ने उनकी वापसी का प्रबंध करने के लिए पंजाब सरकार, सिविल व पुलिस प्रशासन का आभार जताते कहा कि रास्ते में उन्हें कोई दिक्कत नहीं आने दी गई। अंतरराज्यीय सरहद पर आने वाले विद्यार्थियों की बिना मुश्किल दाखिला व मेडिकल टेस्ट की निगरानी कर रहे तहसीलदार सुखबीर सिंह बराड़ ने बताया कि इस अवसर पर नौजवान वेलफेयर सोसायटी की ओर से विद्यार्थियों को नाश्ता दिया गया।
तरनतारन व फगवाड़ा के श्रद्धालु पॉजिटिव निकलने से बढ़ी चिंता
तख्त श्री हजूर साहिब में फंसे श्रद्धालुओं को वापस लाने की राहदारी की व्यवस्था के बाद लगातार श्रद्धालु पंजाब पहुंच रहे हैं। रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि 17 वाहनों के जरिए 251 लोग बठिंडा के रास्ते प्रदेश में दाखिल हुए। इनमें से अधिकांश श्री अमृतसर साहिब जिले से संबंधित हैं। इसके अलावा सोमवार देर रात तक 13 वाहनों के जरिए जिले से संबंधित अन्य 467 व्यक्ति भी पंजाब लौट रहे हैं। वहीं ग्रीन जोन तरनतारन के 6 व फगवाड़ा के 3 श्रद्धालु कोरोना पॉजिटिव मिलने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
डीसी बी श्रीनिवासन ने बताया कि संगत का पंजाब के हरियाणा के साथ लगते डूमवाली बार्डर पर पंजाब सरकार के अधिकारियों ने स्वागत किया और इन्हें प्राथमिक मेडिकल चेकअप के बाद इनके पैतृक जिलों के लिए रवाना कर दिया। बठिंडा के एसडीएम अमरिंदर सिंह टीवाना व तहसीलदार सुखबीर सिंह बराड़ तख्त श्री हजूर साहिब से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए लगातार बार्डर पर तैनात हैं। फिरोजपुर जिले के मक्खू के यात्री जसवीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से उनके लिए पास मुहैया करवाए।

Post a Comment