देश में कोराना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए अप्रैल और मई महीने में होने वाली इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज में एडमिश्न के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।
आईआईटी सहित देश के टाॅप इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट में एडमिशन के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा पहले ही स्थगित हो गई थी। अब मेडिकल कॉलेज और लॉ इंस्टीट्यूट के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा पर भी इसका असर पड़ा है। इस कारण अप्रैल-मई में होने वाली परीक्षाओं को आगे बढ़ा दिया गया है। बाद में नए शेड्यूल जारी किए जाएंगे।
एम्स: प्रवेश परीक्षा टली
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने जुलाई 2020 सेशन के लिए पीजी प्रवेश परीक्षा स्थगित कर दी है। इस संबंध में एम्स ने एक सूचना जारी की है। जिसके मुताबिक देशभर में कोरोना वायरस की वजह से पीजी प्रवेश परीक्षा जो 3 मई को होनी थी, उसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। नई तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी। इस संबंध में जानकारी एम्स की वेबसाइट पर उपलब्ध है। संभवत: अब यह प्रवेश परीक्षा मई के अंतिम सप्ताह में हो सकती है।
आईआईटी ने पीजी एडमिशन की बढ़ाई डेट
आईआईटी दिल्ली ने पोस्ट ग्रेजुएशन और पीएचडी में एडमिशन की तिथि को भी आगे बढ़ा दिया है। अब स्टूडेंट्स 20 अप्रैल तक इन कोर्सेज के लिए आवेदन कर सकेंगे। ऐसे में जो भी आवेदक अभी तक आवेदन नहीं कर पाए थे, वे आईआईटी दिल्ली की ऑफिशियल वेबसाइट iitd.ac.in पर जाकर इस 20 अप्रैल शाम 4 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संस्थान ने एमटेक, एमएससी और पीएचडी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए तारीख को आगे बढ़ा दिया है। इसके अलावा आईआईटी रुड़की में इन कोर्सेज में आवेदन करने की आखिरी तारीख 3 अप्रैल है, जबकि आईआईटी कानपुर में इन कोर्सेज के लिए 7 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।
क्लैट:10 की जगह 24 मई को होगी प्रवेश परीक्षा
कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) 10 मई को होना था, जिसकी तिथि अब बढ़ा दी गई है। अब यह एग्जाम 24 मई को दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगा। इस एग्जाम का आयोजन नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का कंसोर्टियम कराता है। एग्जाम पैटर्न में इस बार बदलाव किया गया है। पहले 200 सवाल पूछे जाते थे, जिसे घटाकर अब 150 कर दिया गया है। परीक्षा की अवधि दो घंटे की रहेगी। इसमें हर गलत जवाब पर 0.25 फीसदी अंक काटे जाएंगे। पहले इस परीक्षा को ऑनलाइन आयोजित करने की बात उठी थी, लेकिन अब इसे ऑफलाइन ही आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा में इंग्लिश, सामान्य ज्ञान, लॉजिकल रीजनिंग और लीगल रीजनिंग आदि से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे।
नीट: 3 मई को होने वाला एक्जाम भी हुआ स्थगित
मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) ने नीट-2020 यूजी की परीक्षा जो 3 मई को होनी थी, उसे स्थगित कर दिया है। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए देशभर में लॉकडाउन है। नीट यूजी 2020 को लेकर स्थिति साफ नहीं हुई है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि मई के आखिरी हफ्ते तक परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। नीट 2020 के लिए एडमिट कार्ड शुक्रवार को जारी किए जाने थे, लेकिन यह अपलोड नहीं हुए हैं। अब 14 अप्रैल को कोराना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन की स्थिति देखने के बाद इसके एडमिट कार्ड जारी करने के साथ ही एग्जाम की तारीखों की घोषणा होगी।
4
3
2
1
Click here to see more details
Post a Comment