(राणा रणधीर)घनौर से कांग्रेसी एमएलए मदन लाल जलालपुर ने मंडियों में गेहूं की खरीद और कोविड-19 को लेकर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा सभी विधायकों से की गई वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कैप्टन के मुंह पर उन्हें कई तलख नसीहतें दे डाली।
मदन लाल जलालपुर ने सूबे में उन चर्चाओं को भी तसदीक कर दिया जिसमें कहा जाता है कि अब सूबे में सरकार ब्यूरोक्रेट चला रहे हैं।
जलालपुर ने कैप्टन से ठेठ पंजाबी लहजे में कहा कि जे तुसीं साडे नाल गल्ल नहीं करोगे ते अफसरां नाल ही गल्ल करोगे तां तुहाड़े कौल सही जानकारी नहीं आएगी।
असीं (खुद को संबोधित कर) ग्रास रूट तक जा के कम्म करदे हां, जे तुसीं साडी ही नहीं सुणोगे तां गल्ल नहीं बनूंगी। इस पर कैप्टन ने जवाब दिया कि उनके पास सुबह 7 बजे तक राज्य की सभी मंडियों की और कोविड-19 की सारी रिपोर्ट आ जाती है, इसलिए उन्हें हर चीज का बारीकी से जानकारी हैं।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कहा- मंत्रिमंडल को भी बनाएं दिलेर
मदन लाल जलालपुर यहीं नहीं रुके, उन्होंने कैप्टन से उनकी टीम (मंत्रिमंडल) को और दलेर बनाने की नसीहत भी दी। जलालपुर ने कैप्टन से कहा कि असीं तुहाड़े सिर ते छालां मारदे हां, तुसीं तकड़े बंदे हो, जे तुहाड़े मंत्री वी तुहाड़े वांग हो जान ते तुहाड़े तो सबक सिखन फेर पंजाब हमेशा चढ़दीकला च रहूगा। इसलिए अपनी टीम नूं वी कैम करो। जलालपुर के इतना कहते ही कैप्टन ने जवाब दिया कि जलालपुर जी, मैं वीं कैम हां ते मेरे नाल बैठे सेहतमंत्री बलवीर सिद्धू वी कैम ने। जलालपुर ने असीधे तौर पर फूड एंड सिविल सप्लाइज मंत्री भारत भूषण आशु पर निशाना साधते हुए कैप्टन से शिकायत की कि उनके हलके में हजारों राशन कार्ड काट दिए गए।
जसलालपुर ने शिकायती लहजे में कैप्टन से कहा कि उन्हें सिर्फ 4 हजार राशन पैकेट्स भेजे गए, जबकि उनके हलके में 180 गांव पड़ते हैं। एक गांव में 50 पैकेट भी वो बांटे तो उन्हें 10 हजार पैकेट्स चाहिए। जलालपुर ने कहा कि उन्होंने इसीलिए ये 4 हजार पैकेट्स बांटे नहीं हैं ताकि जब उन्हें दूसरे फेज में और 4 हजार पैकेट्स मिलेंगे तो वो इक्ट्ठा 8 हजार पैकेट्स बांट देंगे। इस पर मंत्री भारत भूषण आशु ने कैप्टन से माइक लेकर तुरंत जवाब दिया और जलालपुर से कहा कि हर विधानसभा हलके को 8 हजार पैकेट्स के हिसाब से पटियाला जिले के 64 हजार राशन पैकेट्स डीसी को भेजे जा चुके हैं। आशु ने जलालपुर से कहा कि डीसी दूसरे फेज के 4 हजार पैकेट्स तभी जारी करेंगे जब पहले फेज में भेजे 4 हजार पैकेट्स बांट दिए जाएंगे। आशु के जवाब देते ही जलालपुर ने इंसाफ की मांग की।
बोले 5 दिन में एक दाना नहीं खरीदा
मदनलाल जलालपुर एफसीआई पर खूब बिफरे। कैप्टन से शिकायत करते हुए उन्होंने कहा कि उनके यहां 7 मंडियों में से 5 मंडियों में एफसीआई खरीद कर रही है, लेकिन 5 दिनों तक एफसीआई ने एक दाना नहीं खरीदा। इसके बाद उन्होंने सांसद परनीत कौर के साथ मिलकर मामला उठाया तो उनके हलके में 21 अप्रैल को जाकर खरीद प्रक्रिया शुरू हुई। जलालपुर ने कहा कि एफसीआई के मुकाबले पहले मार्कफैड, वेयरहाउस जैसी खरीद एजेंसियों की खरीद प्रक्रिया बहुत अच्छी थी।

Post a Comment