दक्षिण कोरिया से आई रैपिड किट से गुरुवार को जिले के चारों ब्लॉक में 35 लोगों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की गई। एक-एक सैंपल में करीब 10-10 मिनट का समय लगा। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जिले में अब तक एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला है। 2209 लोग होम क्वारेंटाइन की अवधि पूरी कर चुके हैं। इधर सांस लेने में तकलीफ 2 व्यक्ति को बठेना अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। दोनों का ब्लड और स्वाब सैंपल जांच के लिए रायपुर एम्स भेजा गया हैं।
क्वॉरेंटाइन किए गए 2209 लोगों ने पूरे किए 28 दिन: सर्विलांस अधिकारी डॉ. विजय फूलमाली ने बताया कि धमतरी ग्रीन जोन में है। जिले से 285 सैंपल जांच के लिए के रायपुर एम्स भेजा गया। इनमें से सिर्फ 22 लोगों के रिपोर्ट का इंतजार हैं। 263 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
दूसरे राज्य और जिलों से आए लोगों में से 2209 लोगों ने 28 दिन से अधिक का समय होम क्वारेंटाइन पूरा कर लिया है। 119 लोग होम क्वारेंटाइन में हैं। प्रशासन द्वारा बनाए पथर्रीडीह के क्वारेंटाइन सेंटर से गुरुवार को एक व्यक्ति को छुट्टी दी गई। यहां अब26 लोग हैं।
28 पुलिस अफसरों और जवानों की जांच की गई
जिले में पदस्थ 45 साल से अधिक उम्र के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का स्वास्थ्य जांच जिला अस्पताल में कराई जा रही है। गुरुवार को 28 पुलिसकर्मियों की सेहत जांची गई। एमडी मेडिसिन डॉ. संजय वानखेड़े ने इलाज किया। उन्होंने बताया कि सात लोग बीपी, डायबिटीज व शुगर के मरीज मिले।
इस तरह काम करती है रैपिड किट
विशेषज्ञों के अनुसार, रैपिड किट से एंटीबॉडी की जांच होती है। पॉजिटिव रिपोर्ट का मतलब यह है कि उस व्यक्ति के शरीर में वायरस आकर चला गया है। उसके शरीर में एंटीबॉडी बन जाती है। उस व्यक्ति के शरीर में वर्तमान में कोरोना का वायरस है कि नहीं, यह जानने के लिए आरटीपीसीआर (रिवर्स ट्रांसक्रिप्टेज पॉलीमरेज चैन रिएक्शन) टेस्ट किया जाता है। इससे पता चलता है कि मरीज के शरीर में वायरस है और वह संपर्क में आने वाले दूसरे लोगों को भी संक्रमित कर सकता है। यही स्थिति रैपिड किट से जांच में हो सकती है। पॉजीटिव आने का मतलब यह है कि उसमें अब भी वायरस हो सकता है।
बगैर मास्क मिले लोगों को समझाया
ग्रीन जोन में जिला होने के कारण होटल, सैलून और पार्लर छोड़ शहर के सभी दुकान खुल रही हैं। सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक दुकानें खुल रहीं। सिर्फ 6 घंटे दुकानें खुलने के कारण सुबह 10 से 12 बजे के बीच शहर में यातायात का भारी दबाव रहता है। सिंगल यूज मास्क पहनकर निकल रहे लोगों एएसपी मनीषा ठाकुर और डीएसपी सारिका वैद्य ने कपड़े से बने मास्क बांटे। दोबारा बगैर मास्क के मिलने पर एफआईआर की चेतावनी दी गई।

Post a Comment