कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला बठिंडा में लगाई गई पाबंदियों के मद्देनजर जिले में कोई नई ढील नहीं दी गई। इससे कई दिनों की 20 अप्रैल से राहत मिलने की चर्चाओं पर विराम लग गया है। डीसी बी श्रीनिवासन ने बताया कि स्थानीय हालातों की समीक्षा के बाद सही समय पर इस संबंधी उचित फैसला किया जाएगा लेकिन फिलहाल जो बंदिशें पहले से चल रही हैं, वो उसी तरह से लागू रहेंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो दुकानें, विभाग, इंडस्ट्री आदि इस समय बंद हैं, वे अगले आदेश तक भी बंद ही रहेंगी।
डीसी ने कहा कि बठिंडा जिले में अगर कोई रियायत दी गई तो इस संबंधी बाकायदा आदेश जारी करके मीडिया के जरिए लोगों को बताया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस समय जिले में लिए गए सख्त फैसले तथा कर्फ्यू को सख्ती से लागू करने के अलावा नागरिकों के सहयोग की बदौलत ही यह संभव हुआ है कि जिले में कोई कोरोना मरीज नहीं है लेकिन यह सफलता तभी बरकरार रह सकेगी, अगर कुछ दिनों तक इसी तरह संयम बनाए रखा जाए तथा अपने घर के अंदर ही रहें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सुबह-शाम अपनी गली में पड़ोसियों को न मिलें क्योंकि इस गतिविधि से भी बीमारी के फैलने का खतरा बढ़ता है।
कोरोना संदिग्ध सभी मरीजों के सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव, 3 नए सैंपल लिए
बठिंडा में अलग-अलग दिनों में 129 लोगों की जांच के लिए सैंपल भेजा गया। जिसमें 115 लोगों की रिपोर्ट पहले ही नेगेटिव आई गई थी। सोमवार को एक 72 वर्षीय वृद्ध महिला के अलावा शुक्रवार को 8 और शनिवार को फ्लू कॉर्नर में खांसी, जुखाम, गले में इंफेक्शन व बुखार से पीड़ित 14 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए और जांच के लिए भेजा गया था। रविवार देर शाम सभी की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई।
सेहत अधिकारियों के अनुसार 14 अप्रैल को मलोट वासी एक 72 वर्षीय वृद्ध महिला का संदिग्ध कोरोना वायरस का सैंपल लिया गया था, जिसे जांच के लिए फरीदकोट भेजा गया था, करीब 6 दिन बाद महिला की रिपोर्ट प्राप्त हुई। रिपोर्ट नेगेटिव आने पर महिला की आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी कर दी। रविवार को फ्लू कॉर्नर में आए 3 अन्य संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं, सैंपलों को सोमवार को जांच के लिए भेजा जाएगा। सेहत विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इन दिनों बठिंडा जिले के सैंपलों की जांच मेडिकल कालेज फरीदकोट के लैब में हो रही है, जबकि पहले पटियाला में यह जांच हो रही थी।
शुक्रवार को 9 व शनिवार को भेजे थे 14 सैंपल, कोई पॉजिटिव नहीं
कैंसर अस्पताल से आइसोलेशन वार्ड सिविल अस्पताल में शिफ्ट कर लिया गया है। कोरोना संदिग्ध सभी मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। फिलहाल कोई भी सेंपल की रिपोर्ट पेंडिंग नहीं है। शुक्रवार तक 9 और शनिवार को 14 सैंपल भेजे गए थे सभी सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। रविवार को रात्रि 9 बजे तक 3 सैंपल लिए गए है।
डॉ. अमरीक सिंह संधू, सिविल सर्जन, बठिंडा
Click here to see more details

Post a Comment