मेवात हरियाणा की तब्लीगी जमात के इज्तिमा में गए रूपनगर के एक युवक के काेराेना पॉजीटिव आने के बाद पैदा हुई दहशत के बीच रूपनगर और ब्यावर कस्बे के साथ साथ पूरे अजमेर जिले के लिए बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। पॉजीटिव पाए गए युवक के संपर्क में रहे 13 लोगों के सैंपल की जांच रिपाेर्ट नेगेटिव आई है।
जिला प्रशासन और रूपनगर के नागरिकाें ने राहत की सांस ली है। इन सभी काे अस्पताल के क्वॉरेंटाइन वार्ड से वापस लॉज हवेली में बनाए गए सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया। सावधानी के ताैर पर पॉजिटिव पाए गए युवक का इलाज कर रहे और उसकी जांच करने वाले कर्मचारियों समेत संपर्क में आए अस्पताल कर्मचारियों के स्वाब के सैंपल भी लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए भिजवाया जा रहा है।
क्वारैंटाइन वार्ड से लॉज हवेली क्वारैंटाइन सेंटर में शिफ्ट किए गए लोगों को आगामी 14 दिन तक क्वारैंटाइन सेंटर में रखा जाएगा और इनकी समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की जाएगी। अगर किसी के भी स्वास्थ्य में कोई गड़बड़ी या खांसी जुकाम बुखार गले में दर्द सांस लेने में परेशानी जैसी कुछ भी दिक्कत हुई ताे उनके सैंपल लेकर जांच के लिए फिर से भिजवाए जाएंगे।
रूपनगर निवासी युवक के पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने रूप नगर और आसपास के गांवों में कर्फ्यू की घोषणा कर दी थी जिसके बाद ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने स्थिति अपने नियंत्रण में लेकर लाॅकडाउन का पूर्ण रूप से पालन कराया जा रहा है। इसके साथ ही चिकित्सा विभाग द्वारा 70 से अधिक टीमों की मदद से घर-घर सर्वे कर लोगों की स्कैनिंग की जा रही है और स्वास्थ्य की जांच भी की जा रही है। गौरतलब है कि हरियाणा से लाैटे युवक के 2 सैंपल नेगेटिव आने के बाद तीसरे सैंपल में युवक के पॉजिटिव आने की पुष्टि होने के बाद चिकित्सा विभाग के साथ-साथ प्रशासन भी मुस्तैद हो गया है।
युवक के पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन के निर्देश पर रूपनगर और उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है गांव में पुलिस प्रशासन के साथ चिकित्सा विभाग की टीम ने डेरा डाला हुआ है और लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
Click here to see more details

Post a Comment