जयपुर में कोरोना बेकाबू होता जा रहा है। मंगलवार को रामगंज में 6 और लोग संक्रमित मिले। इसी के साथ जयपुर में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 108 (इंटली का दंपती शामिल) हो गई है। अब जयपुर पूरे देश में 7वां सबसे अधिक कोरोना संक्रमित शहर बन गया है। सबसे अधिक 534 कोरोना संक्रमित मुंबई में हैं। बीते 12 दिन में ही जयपुर में कोरोना 12 गुना की रफ्तार से बढ़ा है और इस दौरान 99 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 3 मामलों को छोड़कर सारे मरीज रामगंज या यहां रुके तब्लीगी जमात के लोग हैं। इससे अब यहां कम्युनिटी ट्रांसमिशन का खतरा पैदा हाे गया है... और डर की सबसे बड़ी वजह भी यही है। क्योंकि एक बार कम्युनिटी ट्रांसमिशन हुआ तो इसे रोकना मुश्किल हो जाएगा।
जयपुर में कोरोना संक्रमण को भी दो हिस्सों में बांटकर देखा जा सकता है। बीते 3 मार्च को इटली का दंपती कोरोना संक्रमित पाया गया था। इसके बाद 20 मार्च तक कोरोना के 6 और मामले सामने आए। इन सभी की विदेश की ट्रैवल हिस्ट्री थी और राहत की बात यह थी कि इनमें से किसी भी स्थानीय व्यक्ति में संक्रमण नहीं फैला था। ...लेकिन रामगंज में रहने वाला ओमान से लाैटा व्यक्ति 26 मार्च को संक्रमित मिला। इसके अगले ही दिन उसका दोस्त भी पाॅजिटिव पाया गया। यह शहर में पहला मामला था, जब किसी स्थानीय व्यक्ति में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई हो।
तब से अब तक शहर में 99 और मामले सामने आए हैं। इनमें से भी 96 मरीज रामगंज से मिले। कुछ वहीं के रहने वाले हैं तो कुछ तब्लीगी जमात से जुड़े थे जो अन्य राज्यों जैसे तमिलनाडु, महाराष्ट्र और झारखंड के रहने वाले थे और दिल्ली से आए थे। इलाके की मस्जिदाें में ठहरे थे। मंगलवार को मिले 6 पॉजिटिव में 2 महिलाएं भी शामिल हैं। ये तीन दिन पहले कोरोना से मृत बुजुर्ग के संपर्क में आईं थी।
बंदियों से वीडियो कॉल पर 5 मिनट बात कर सकेंगे
केन्द्रीय व जिला कारागारों में बंदियों से उनके परिजन 5 मिनट तक ई-मुलाकात कर सकेंगे। एक अप्रैल से यह सेवा शुरू की गई है। जेल डीआईजी विकास कुमार ने बताया कि बंदी से मिलने के िलए विभाग की वेबसाइट पर जाकर ई-मुलाकात फॉर्म खोलें। बंदी का नाम और उससे संबंध की जानकारी दें। ई-मेल आईडी पर लिंक, पिन व समय आएगा। लिंक पर क्लिक कर फॉर्म डाउनलोड करें। इसके बाद अपना नाम व दिया गया पिन नंबर डालंे। प्रक्रिया करते ही वीडियो कॉल कनेक्ट हो जाएगी।
अब परकोटे में लिए जाएंगे 2000 रैंडम सैंपल
ऊर्जा विभाग के प्रमुख शासन सचिव व कोरोना नियंत्रण के नोडल अधिकारी अजिताभ शर्मा ने मंगलवार को जयपुर के रामगंज क्षेत्र में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा की। इस दाैरान उन्होंने रामगंज क्षेत्र में जल्द दो हजार से अधिक रैंडम सैंपल कराने के निर्देश दिए।परकोटे से बाहरी क्षेत्र में पाॅजिटिव मिले व ठीक हो चुके मरीजों की के सेकंडरी काॅन्टेक्ट की 100% सैंपिलंग होगी। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र में भी सैंपल व स्क्रीनिंग होगी।
निम्स क्वॉरेंटाइन सेंटर में से सभी 292 कोरोना संदिग्ध को जयपुर किया शिफ्ट
निम्स हॉस्पिटल में भर्ती सभी 292 कोरोना संदिग्धों को वापस जयपुर शिफ्ट किया गया है। निम्स में बने क्वारेंटाइन सेंटर को पूरी तरह से खाली कराया जा रहा है। सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. नरोत्तम शर्मा ने बताया कि निम्स में 19 मार्च को यहां बने क्वारेंटाइन सेंटर में 346 मरीज थे। इनमें 9 पॉजिटिव मिले थे।
सुबह 3 से 8 बजे तक समाचार पत्र वितरकों को प्रवेश

महाकर्फ्यू के दौरान पुलिस ने परकोटे के लोगों को आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। चाहे वह किसी भी विभाग में कार्यरत हो, बाहर नहीं जा सकता। पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि अब अतिआवश्यक परिस्थिित या किसी बीमार को ले जाने पर ही अनुमति मिलेगी।
- कवरेज करने के लिए मीडियाकर्मी बाहर से परकोटे में जा सकते हंै। हालांकि उन्हें पास बनाना होगा।
- समाचार पत्र वितरकों को सुबह तीन से आठ बजे तक जाने की छूट होगी
- बाहर से अंदर जाने वाले सेवाकर्मी पहले की तरह अंदर जा सकते हैं। जैसे चिकित्सा विभाग, जिला प्रशासन व नगर निगम के कर्मचारी।
- परकोटे में मीडिया कर्मियों और समाचारपत्र वितरकों को जाने की छूट
पुलिस ने परकोटे में समाचार पत्र वितरकों और मीडिया कर्मियों को कवरेज के लिए नियमानुसार छूट देने के आदेश जारी कर दिए हैं। पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने मंगलवार को कहा कि परकोटे में जबकि कवरेज के लिए मीडिया कर्मियों को पास बनवाना होगा। कोई दिक्कत आने पर 100 नंबर पर मदद ली जा सकेगी।
Click here to see more details

Post a Comment