नांदेड़ से आए 108 श्रद्धालुओं की सैंपलिंग, सुचेतगढ़ के सत्संग भवन और सिविल में रखा, रिपोर्ट के बाद जाएंगे घर
तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ में फंसे 108 श्रद्धालुओं का जत्था विशेष बसों के माध्यम से सुबह करीब 6 बजे धारीवाल के गांव सुचेतगढ़ में स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में पहुंचा। इन सभी श्रद्धालुओं का सत्संग भवन में मेडिकल चैकअप किया गया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर इन श्रद्धालुओं को अलग-अलग सरकारी अस्पतालों में मेडिकल जांच के लिए भेजा।

तहसीलदार अरविंद सलवान, नायब तहसीलदार धारीवाल निर्मल सिंह, एसएमओ धारीवाल डॉ. राजिंदर अरोड़ा, एसएमओ नौशहरा मज्जा सिंह डॉ. लखबीर सिंह भागोवालिया, डीएसपी मनजीत सिंह, एसएचओ धारीवाल मनजीत सिंह ने राधा स्वामी सत्संग भवन में पहुंचे श्रद्धालुओं से जानकारी प्राप्त की।

इन श्रद्धालुओं को सरकारी अस्पताल गुरदासपुर और बटाला में मेडिकल जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही घरों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं रिपोर्ट आने में एक-दो दिन का समय लग सकता है।
डीसी मोहम्मद इश्फाक ने बताया कि नांदेड़ से 108 श्रद्धालुओं का जत्था मंगलवार को पहुंचा है। इसके अलावा सोमवार को 37 श्रद्धालुओं के अलावा 17 बच्चे कोटा से जिले में पहुंचे थे।

इन सभी की सेंपलिंग की जा रही है। प्रदेश के कुछ इलाकों में नांदेड़ से पहुंचे श्रद्धालु पॉजीटिव पाए गए हैं, इसके चलते पूरी एहतियात बरती जा रही है। फिलहाल जिला गुरदासपुर ग्रीन जोन में शामिल है। जिला प्रशासन का यही प्रयास है कि बाहर से आने वालों के कारण कहीं कोरोना की बीमारी न फैल जाए। इसलिए हर तरह की एहतियात बरती जा रही है। श्रद्धालुओं को बटाला-गुरदासपुर के सिविल अस्पताल औ राधा स्वामी सत्संग भवन में रखा गया है।

निगेटिव आने पर भी 14 दिन के लिए घर पर होंगे क्वारेंटाइन

एसडीएम सकत्तर सिंह बल ने बताया कि तीन विशेष बसों से पहुंचे 108 श्रद्धालुओं में 98 गुरदासपुर जिले से संबंधित हैं, जबकि दस नजदीकी जिलों से संबंधित हैं। इनमें गुरदासपुर के 37, बटाला के 49, डेरा बाबा नानक के 6 और फतेहगढ़ चूड़ियां के 6 श्रद्धालु शामिल हैं। इनकी संबंधित सरकारी अस्पतालों में मेडिकल जांच चल रही है। डॉक्टरी रिपोर्ट आने के बाद ही इन्हें घरों को भेजा जाएगा। अगर सभी श्रद्धालुओं की रिपोर्ट निगेटिव आती है, तो इन्हें अपने घरों में भेज दिया जाएगा। हालांकि रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी इन्हें घरों में अगले 14 दिन के लिए एकांतवास में रखा जाएगा। एसडीएम ने बताया कि गत दिनों पंजाब से 80 बसों का काफिला श्री हजूर साहिब गया था। इनकी वापसी का पूरा खर्च पंजाब सरकार की तरफ से किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं ने सरकार का किया धन्यवाद

श्रद्धालुओं ने बताया कि 23 मार्च को लॉकडाउन होने के कारण कोई भी यातायात साधन उपलब्ध नहीं था, इसके चलते वे वहां पर फंस गए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री के प्रयासों से उनकी सुरक्षित घर वापसी हुई है। इसके लिए वह सरकार का धन्यवाद करते हैं। यहां पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से उनकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। इसके अलावा उनके खाने-पीने का पूरा प्रबंध किया गया है।

जिले में 1000 संदिग्धों में से 687 निगेटिव, 312 की पेंडिंग

सिविल सर्जन डॉ. किशन चंद ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस के 1000 संदिग्ध मरीजों में से 769 की रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है, जबकि 230 की रिपोर्ट अभी पेंडिंग है। कोरोना के एक भैणी पसवाल निवासी पॉजीटिव मरीज की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कुल 156 सेंपल लिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घरों में रहकर सरकार की हिदायतों का पालन करें।

बटाला में विभिन्न धार्मिक स्थलों से लौटने वाले 71 लोगों के लिए सैंपल

श्री हजूर साहिब व अन्य धार्मिक स्थलों से बटाला पहुंचने वालों की संख्या 71 हो गई है। एसएमओ संजीव भल्ला ने बताया कि मंगलवार सुबह को धार्मिक स्थलों की यात्रा करने के बाद बटाला पहुंचे लोगों को राधा स्वामी सत्संग घर रखा गया है। सभी 71 लोगों के कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए हैं। वहीं, कस्बा कलानौर के विभिन्न गांवों के 12 व्यक्ति को श्री हजूर साहिब से परते थे, को जोरावर फतेह सिंह स्कूल कलानौर में क्वारेंटाइन करने के बाद सेहत विभाग की टीम ने उनके सैंपल लेकर कोरोना टैस्ट को भेज दिए गए हैं।

जानकारी देते हुए एसएमओ डॉक्टर लखविंदर सिंह अठवाल ने बताया कि श्री हजूर साहिब से कलानौर पहुंचे 12 व्यक्ति श्री हजूर साहिब से बटाला को पहुंचे थे, जिनको क्वारेंटाइन किया गया था और मंगलवार को उनके टैस्ट लेकर अमृतसर भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट 30 मई को आएगी।
Sampling of 108 pilgrims from Nanded, kept in Satsang Bhawan and Civil in Suchetgarh, will go home after report


Post a Comment

Previous Post Next Post