मिनी सचिवालय में सोमवार को वाॅर रूम की बैठक में कलेक्टर इंद्र सिंह राव ने कहा कि कोरोना आपदा से जिला सुरक्षित है, लेकिन मोडिफाइड लॉकडाउन के दौरान सोशल डिस्टेंस की पालना सुनिश्चित करें। आमजन को नियमों की पालना के लिए जागरूक किया जाए, जिससे जिला कोरोना संक्रमण से मुक्त रहे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार एक ही राज्य के श्रमिक अन्य जिलों से लाए भेजे जा सकते हैं। इसके तहत बारां जिले के जो लोग जालौर, जैसलमेर व नागौर आदि क्षेत्रों में हैं, उनके संबंध में नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। इसी क्रम में अन्य राज्यों में मौजूद श्रमिकों के संबंध में प्रदेश सरकार ने केन्द्र सरकार से चर्चा की है।
ग्रुप में एकत्र न हों, एसपी डॉ. रवि
एसपी डॉ. रवि सबरवाल कहा कि मोडिफाइड लॉकडान के दौरान मोबिलिटी बढ़ेगी, लेकिन आमजन को अतिआवश्यक कार्य होने पर ही घर से निकलना है और नियमों की पालना करनी है, जिससे कोरोना संक्रमण से सभी सुरक्षित रहें। सार्वजनिक स्थलों, बाजार, कार्यालयों में लोग ग्रुप में एकत्र न हों, बल्कि सोशल डिस्टेंस बनाए रखें। साथ ही मास्क पहनना प्रत्येक व्यक्ति के लिए अनिवार्य है और जो मास्क नहीं पहनेगा, उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राहत: यह यूटिलिटी सेवाएं जारी रहेंगी
कलेक्टर राव ने बताया कि मोडिफाइड लॉकडाउन के तहत स्वरोजगार में लगे व्यक्तियों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही यूटिलिटी सेवाएं इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर, आईटी मरम्मत, मोटर एवं अन्य मैकेनिक, कारपेन्टर, मोची, लांड्री एवं धुलाई से संबंधित सेवाएं जारी रहेंगी।
ऐसे बनवा सकते हैं ई-पास
एसीपी रामकुमार बाथम ने मोडिफाइड लॉकडाउन के दौरान ई-पास बनाने की प्रक्रिया पीपीटी प्रजेन्टेशन से समझाई। उन्होंने बताया ई-पास बनाने के लिए एसएसओ आईडी होना आवश्यक है। आमजन वेबसाइट पर लॉगिन कर कामर्शियल व व्यक्तिगत पास के लिए आवेदन कर सकेंगे। संबंधित विभाग द्वारा स्वीकृत करने पर आवेदनकर्ता के ई-मेल बॉक्स में ई-पास प्राप्त हो जाएगा, जिसका प्रिंटआउट लिया जा सकेगा।
Click here to see more details

إرسال تعليق