अमृतसर ।कोरोना वायरस सूबे में लगातार पैर पसार रहा है। इस वायरस के संक्रमण से अब तक यहां एक की मौत और 23 लोग पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। 22 मार्च को जनता कर्फ्यू और उसके बाद 31 मार्च पंजाब में लॉक डाउन की सूचना के बाद सोमवार को अचानक लोग आम दिनों की तरह बाजारों में खरीदारी करने के लिए निकल पड़े। सोमवार की सुबह सरकारी अस्पताल खुलते ही मरीज अस्पताल पहुंचने शुरू हो गए। उनके मुंह पर मास्क न दिखे न लाइन में लगने के दौरान 1 मीटर का गैप ही दिखा। यही हाल प्राइवेट लैब्स में भी दिखा। लोगों ने लॉक डाउन को बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं लिया इसलिए सरकार को कर्फ्यू लगाना पड़ा। लॉक डाउन के दौरान जहां पहले राशन, सब्जी और दवा की दुकानें खुली रखने के आदेश थे अब उन्हें भी सरकार ने बंद करा दिया है। धारा 144 लागू होने के बावजदू बहुत से लोग बेपरवाह होकर बेवजह सड़कों पर घूमते दिखे। पुलिस ने रोपड़ में 150 लोगों को राउंडअप व नूरपुरबेदी में 14 चालान, मुक्तसर में दुकान खोलने पर 3 दुकानदारों पर केस दर्ज हुए। संगरूर में सड़कों पर आवारागर्दी करते 6 लोगों पर केस दर्ज हुए हैं। नवांशहर के बलाचौर में एक चर्च पर प्रार्थना सभा आयोजित करने पर पॉस्टर पर भी केस दर्ज किया गया है।
श्री हजूर साहिब में फंसे सिखों की वापसी की मांग...पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से आग्रह किया कि श्री हजूर साहिब में फंसे सिख श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी कराई जाए। उन्होंने कहा कि इन श्रद्धालुओं को तत्काल वापस लाने के विशेष प्रबंध किए जाएं।
आदेश का उल्लंघन, 1 स्कूल की मान्यता रद्द, 4 पर होगी कार्रवाई... रोक के बावजूद स्कूल खोलने पर शिक्षा विभाग ने श्री गुरु अमरदास सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोइंदवाल (तरन तारन) की मान्यता 1 अप्रैल, 2020 से रद्द कर दी गई है। शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने कहा कि संगरूर, बरनाला, जालंधर और तरन तारन के डीईओ को निर्देश दिए गए हैं कि उल्लंघन करने वाले चार स्कूल बंद करने के लिए अपेक्षित कार्यवाही को यकीनी बनाएं।
अफवाह फैलाई, गांव में 3 छप्पड़ इनमें नहाने से दूर होता है कोरोना
कोरोना वायरस को लेकर टिकटाक पर अफवाह फैलाने पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। वायरल वीडियो में आरोपी कह रहा है कि गांव में तीन छप्पड़ हैं। उसमें नहाने से कोरोना की बीमारी समाप्त हो जाती है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस टिकटाक वीडियो बनाने वाले को अरेस्ट कर लिया है। थाना मैहना के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि गांव तलबंडी भंगेरियां के हरदेव सिंह ने टिकटाॅक पर वीडियो बना कर वायरल किया है। इससे अफवाह फैल गई है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
झूठी अफवाह फैलाने पर पांच लोगों पर केस दर्ज
पटियाला | सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने पर पुलिस ने चार लोगों पर केस दर्ज किया है। पहला मामले में हार्ट अटैक से हुई मौत को कोरोना से हुई मौत बताकर वीडियो वायरल करने वाले आरोपी मंगत सिंह निवासी गांव चलहेडी पर पुलिस ने केस दर्ज किया। दूसरे मामले में थाना सिटी रामपुरा पुलिस ने झूठी अफवाह फैलाने पर विकासनगर के अभिषेक पर केस दर्ज किया है। तीसरे मामले में थाना अनाज मंडी के पुलिस ने इक्ट्ठे बैठ कर शराब पीने वाले तीन लोगों पर केस दर्ज किया।
मुर्गा बनो मत, मुर्गे की तरह वक्त पर जागो

जैसे मुर्गा सुबह सवेरे बांग देकर उठाने के लिए जाना जाता है, वैसे ही पुलिस ने फोटो में जो मुर्गा (व्यक्ति को) बनाया है, वह इसलिए है कि आप कोरोना के खतरे को भांपकर पहले ही जाग जाएं। कोरोना जैसी महामारी से अापकी जिंदगी को सुरक्षित रखने के लिए ही कर्फ्यू लगाया गया है। लेकिन लोगों ने इसका भी उल्लंघन किया। मोगा में पकड़े जाने पर पुलिस ने समझाया कि मुर्गा नहीं बनना पड़ेगा अगर कोराेना को वक्त पर समझ जाओगे।
हजूर साहिब से लौटे 40 लोगों को रोका, रात 10 बजे तक ड्रामा
राजपुरा रोड पर गांव चमारहेड़ी और दौण कलां के करीबन 40 लोग मंगलवार को महाराष्ट्र नांदेड़ साहिब और हजूर साहिब की यात्रा करके गांव लौटे। लेकिन कोरोना के डर से दोनों गांवों के लोगों ने इन्हें गांव में घुसने नहीं दिया। लोगों का कहना है कि महाराष्ट्र में कोरोना के मरीज सबसे ज्यादा हैं, इसलिए उन्हें डर है कि धार्मिक यात्रा से लौटे ये लोग बीमारी लेकर न आए हों। पटियाला राजपुरा रोड पर टोल प्लाजा पर रोके गए इन श्रद्धालुओं को रात करीबन 9 बजे पुलिस और सेहत विभाग की मदद से राजपुरा में मेडिकल चेकअप के लिए भिजवाया गया। दौण कलां गांव के सरपंच बलबीर सिंह ढींडसा ने बताया कि महामारी से सहमे लोगों ने सजगता के चलते इन्हें गांव में जाने से पहले मेडिकल कराने को कहा है।
फरीदकोट: होला महल्ला से लौटे लोग, पूरा गांव किया सील
गांव चंद बाजा को पुलिस ने पूरी तरह सील कर दिया है। दरअसल, गांव चंद बाजा से कुछ लोग आनंदपुर साहिब होला मोहल्ला देखने गए थे। प्रशासन ने सभी गांव वासियों को घर में ही रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने कुछ ग्रामीणों के सैंपल भी लिए हैं। मंगलवार को रिपोर्ट आने की संभावना है।


Post a Comment