जयपुर.शहर के बीच शास्त्री नगर इलाके में पानीपेच तिराहे के पास स्थित पीएचईडी परिसर में बने नागनाथ महादेव मंदिर के पुजारी ने मंदिर के पास लोहे का जाल लगाकर सब्जी की आड़ में नशे की खेप बो रखी थी। बुधवार सुबह कमिश्नरेट की सीएसटी टीम को सूचना मिलने पर कार्रवाई करके मादक पदार्थों के साथ पुजारी मिश्री दास उर्फ विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पुजारी के कब्जे से 110 अफीम के पौधे, 32 गांजे के पौधे, 163 ग्राम चरस, 190 ग्राम गांजा व 94 हजार रुपए बरामद कर लिए है।
पीएचईडी परिसर में कर रहा था अफीम की खेती
एडिशनल कमिश्नर अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि बुधवार सीएसटी सदस्य लखन सिंह को सूचना मिली कि पानीपेच तिराहे के पास आरपीए रोड स्थित पीएचईडी परिसर में अफीम व गांजे के पौधे बोए हुए है। उक्त सूचना के बाद एडिशनल डीसीपी विमल सिंह के नेतृत्व में टीम गठित करके मौके पर भेजी गई। जिन्होंने करीब एक घंटे तक रैकी करके कार्रवाई को अंजाम दिया। पकड़ा गया आरोपी विजय कुमार यूपी के उन्नाव स्थित फतेहपुर का रहने वाला है। जो पिछले दस साल से इस मंदिर में पुजारी मिश्रीदास बनकर रह रहा था। आरोपी से अफीम के खेती के लिए बीज खरीदने के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment