रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। सीएम ने कहा है कि लॉकडाउन के कारण प्रदेश के एक बड़े भाग को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश के कामगारों, मजदूरों तथा जन-धन खाताधारकों के लिए राहत पैकेज की मांग की है। उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखकर कहा कि यदि केन्द्र सरकार यह राहत राशि प्रदान करे तो संकट की घड़ी में ऐसे लोगों को आर्थिक सहायता मिल जाएगी।
सीएम ने पीएम मोदी को लिखे पत्र में कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने केन्द्र द्वारा की जा रही पहल की सराहना करते हुए राज्य में किए गए प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने प्रदेश में 21 मार्च से लाॅकडाउन किए जाने की जानकारी के साथ ही प्रदेश में कोरोना पीड़ितों की संख्या के बारे में भी जानकारी दी है। सीएम ने लिखा है कि लॉकडाउन से राज्य के बड़े भाग को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय वित्तमंत्री द्वारा की गयी घोषणाआें से एक बड़े वर्ग को राहत मिली है।
सीएम ने केन्द्र को दिए सुझाव
- मनरेगा एवं असंगठित कामगारों को तीन माह तक प्रतिमाह एक हजार रु. दिए जाएं।
- जन-धन खाताधारकों को भी तीन माह तक 750 रुपए प्रतिमाह दिए जाएं।
- जिन्हें प्रतिमाह 15 हजार से कम राशि मिलती है, उन संगठित कामगारों की भविष्य निधि की पूरी राशि तीन माह तक केन्द्र सरकार दे।

Post a Comment