राजापाकर.प्रखंड व महुआ थाना क्षेत्र के लंगुड़ाव बिलंदपुर पंचायत के चैनपुर चौपड़ गांव में पोखर में स्नान करने के दौरान चाचा भतीजा के डूब जाने से मौत हो गई है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि चैनपुर चौपाड़ ग्राम निवासी श्याम बाबू राय का 13 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार एवं इसी गांव के स्व. राम गोविंद राय का 12 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार अपने 5 साथी के साथ घर के पीछे गड्ढेनुमा पोखर में दिन के 1 बजे स्नान करने गया था।
बताया जा रहा है कि दोनों कपड़ा खोल पानी में कूदा, लेकिन गहरे पानी में जाने के कारण फिर दोनों बाहर नहीं निकले। दोनों के डूबने पर साथी युवकों ने गांव में आकर लोगों को घटना की जानकारी दी। उसके बाद अगल-बगल गांव के दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे एवं पानी में डुबकी मार कर दोनों शव को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। मृतक के डूबने के लगभग 2 घंटे बाद शव पानी से निकाला गया।
पुलिस पदाधिकारी व सीओ पहुंचे
सूचना मिलते ही अनेकों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं महुआ थाना एवं राजापाकर थाना के पुलिस भी घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची। अंचलाधिकारी जयप्रकाश मिश्रा, सीआई मनोज कुमार सिंह, कर्मचारी विपिन कुमार सिंह घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एवं मृतक के परिजनों को हरसंभव सरकारी सहायता देने की बात कही।
रूपेश के पिता की हो गई थी मौत
घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ज्ञात हो की मृतक रूपेश कुमार के पिता की मृत्यु पिछले 12 दिसंबर 2019 को हो चुकी है। वह चार बहन एवं दो भाई है। बहन सब बड़ी है एवं मृतक अपने भाई में बड़ा था। वह बेहद गरीब परिवार से आता है। वहीं मृतक धीरज कुमार दो भाई में बड़ा था। 4 क्लास में नेशनल स्कूल कन्हौली में पढ़ता था।
10 लाख मुआवजा की मांग की गई
मौके पर मुखिया दिव्या भारती, मुखिया प्रतिनिधि पंकज राय, समाजसेवी उपेंद्र राय, पूर्व समिति मनोज कुमार सिंह, पूर्व मुखिया जितेंद्र कुमार मुकुल, संजय कुमार सिंह, उप प्रमुख विभा देवी, रमेश सिंह, उप मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, सरपंच सुबोध गुप्ता, पूर्व प्रमुख रामेश्वर राय आदि लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों के लिए दस दस लाख मुआवजे की मांग की है।

Post a Comment