इंदौर.रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने सभी तरह के टर्मलोन, जिसमें मासिक किस्त भरना होती है, के लिए तीन महीने की छूट दे दी है। अब अगर किसी के खाते में राशि नहीं है और वह लोन नहीं चुका पा रहा है तो ईएमआई नहीं देने पर उसे डिफॉल्टर नहीं माना जाएगा। आरबीआई के इस कदम से इंदौर के 10 लाख से अधिक लोन धारकों को फायदा मिलेगा।
इन लोनधारकों के ऊपर करीब 45 हजार करोड़ के लोन हैं और इसकी मासिक किस्त 400 करोड़ रुपए के लगभग बनती है। सीए एसोसिएशन के पदाधिकारी के मुताबिक, इस लोन राशि को चुकाने के लिए समय मिला है, पर छूट नहीं है। यानी ये राशि आपको चुकानी है, जो बाद में बाकी
किस्तों में समायोजित हो जाएगी। वहीं, एक सीए का कहना है यदि कोई किस्त चुका सकता है तो उसे चुकाना चाहिए, क्योंकि ये आज नहीं तो कल देना ही है, हालांकि बैंक किसी तरह का दबाव नहीं बना सकता, ये राहत मिल गई है।
इस तरह समझें कि कैसे मिलेगी आपको यह राहत
क्या रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की यह घोषणा सभी बैंकों पर लागू होगी? और क्या सभी बैंक इसके लिए बाध्य होंगी?
-आरबीआई ने बैंकों को अधिकृत किया है, अब बैंकों पर है कि वह इसे किस तरह
मानती हैं, सलाह मानना या न मानना, बैंकों पर छोड़ दिया है।
कौन-कौन से बैंक इसमें शामिल हैं?
- सभी कमर्शियल बैंक, जिनमें रीजनल रूरल बैंक, स्माल फाइनेंस बैंक, को-ऑपरेटिव, सभी फाइनेंशियल इंस्टिट्यूशंस और एनबीएफसी (नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कम्पनीज) शामिल होंगे।
यदि किसी की ईएमआई आने वाले कुछ दिनों में ड्यू हो रही है तो क्या इस आदेश से खाते से ईएमआई नहीं कटेगी?
- यदि लोनधारक ने अपनी किस्त बैंक खाते से लिंक कर रखी है तो वह खुद जमा हो जाएगी। यह नहीं जमा करवाना हो तो बैंक को लिखित आवेदन करना होगा।
क्या इससे ये मानें कि ईएमआई माफ हो गई?
- यह किसी भी प्रकार से ईएमआई की माफी नहीं है, सिर्फ तीन महीने की छूट है।
लोगों को कौन-कौन से लोन पर यह राहत मिलेगी?
-सिर्फ टर्म लोन, जैसे वाहन, होम लोन, पर्सनल, उपभोक्ता लोन सभी में राहत मिलेगी। इसमें सीसी लिमिट, एडहोक लिमिट शामिल नहीं होगी।
क्रेडिट कार्ड वालों को भी राहत मिलेगी क्या?
-यह टर्म लोन नहीं होता, अतः क्रेडिट कार्ड धारकों को कोई राहत नहीं मिलेगी, उन्हें पैसा देना होगा।
क्या अगले लोन पर लोगों के क्रेडिट स्कोर (सिबिल) पर असर होगा?
-यह भी राहत है। हालांकि लोनधारक के सिबिल पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

Post a Comment