जिला अस्पताल को सर्वोच्च चिकित्सीय कार्यों के लिए क्वॉलिटी सर्टिफिकेट जारी करने के लिए भारत सरकार से आई विशेष टीम ने निरीक्षण कर मूल्यांकन किया। टीम ने तीन दिनों तक जिला अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का बारीकी से आकलन किया।
केंद्र की नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेट टीम में डॉ. ज्योटीमोन लंगवे शिलांग और जीना प्रदीप नई दिल्ली शामिल थीं। राज्य सलाहकार क्वॉलिटी एश्योरेंस टीम के डॉ. रामकृष्ण पाण्डे और डॉ. राजेश कुरील सहित सिविल सर्जन डॉ. अभय सिंह परिहार के सहयोग से मूल्यांकन किया गया।
जिला अस्पताल की सलाहकार डॉ. स्वाति यदु ने बताया कि टीम के मूल्यांकन का परिणाम लगभग एक महीने में आने की उम्मीद है। उनके द्वारा जारी प्रमाण-पत्र 3 साल तक के लिए वैध रहता है। अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने का यह प्रमुख आधार होता है। तीन सालों तक प्रति बेड 10 हजार
रुपए अस्पताल की क्वॉलिटी उन्नयन के लिए दिया जाएगा। जिला अस्पताल के सभी वरिष्ठ चिकित्सकों, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के सहयोग से मूल्यांकन कार्य संपन्न हुआ।
टीम ने जिला अस्पताल के 13 विभागों की गुणवत्ता मापदंडों की जांच कर परीक्षण किया
सिविल सर्जन परिहार ने बताया कि राज्य स्तर की मूल्यांकन टीम द्वारा पास घोषित करने के बाद केंद्रीय टीम ने भी जिला अस्पताल का मूल्यांकन किया। नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेट (एनक्यूएएस) उत्कृष्ट चिकित्सीय सेवाओं के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च प्रमाण-पत्र एवं सम्मान है। यह आईएसओ के समतुल्य प्रमाण-पत्र है। प्रमाण-पत्र मिलने से जिला अस्पताल की सेवाएं एम्स की सुविधाओं के समान होंगी।
भारत सरकार की बाह्य मूल्यांकन टीम ने चेक लिस्ट के अनुरूप 13 विभागों की गुणवत्ता मापदंडों का मौके पर परीक्षण किया। अस्पताल के सभी विभागों में उपलब्ध सेवाएं और सुविधाओं का जायजा लेकर मरीजों से भी बातचीत की। इसमें प्रमुख रूप से ओपीडी, आईपीडी, प्रसूति कक्ष, प्रसूति वार्ड, पीपी यूनिट, लेबर कक्ष, सर्जरी कक्ष, पैथोलॉजी, रेडियोलोजी, ब्लड बैंक एवं प्रशासनिक विभाग शामिल हैं। टीम ने विशेषकर सर्जरी, ब्लड बैंक, रेडियोलोजी एवं प्रसूति विभाग के सेवाओं की काफी सराहना की।
बलौदाबाजार. नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेट टीम के साथ स्टाफ।

إرسال تعليق