(दिनेश बस्सी)वर्ष 2019 की तरह मौसम विशेषज्ञों ने इस बार भी वर्ष 2020 के मानसून के सामान्य रहने का अनुमान दिया है, लेकिन इस अनुमान से एक बार फिर शहर की चिंताएं बढ़ गई है। कोरोना वायरस के प्रकोप के बीच जहां राइजिंग मेन के निर्माण के लिए गांव गहरी भागी में जमीन एक्वायर किए जाने का काम पूरी तरह थम गया है, वहीं शहर में करीब 50 से अधिक एरिया की डिसिल्टिंग का शेड्यूल तथा 23 हजार से अधिक रोड जालियों का काम तय समय से काफी लेट हो गया है, हालांकि सीवरेज विभाग त्रिवेणी से मई 2020 में शहर के अलग-अलग एरिया में सीवरेज डिसिल्टिंग का शेड्यूल शुरू करवाने की तैयारी कर रहा है तथा कुछ जगहों पर आटोमैटिक मशीनों से यह शुरू भी हो गया है, लेकिन दो माह में इतने बड़ा टारगेट पूरा करना बड़ी चुनौती होगा।
हालांंकि निगम मार्च माह में इसका टेंडर लगा चुका था, लेकिन कर्फ्यू व लॉकडाउन के चलते यह टेंडर अभी तक फाइनल नहीं हो पाया है। शहर में इस समय सीवरेज की कुल लंबाई करीब 600 किलोमीटर है।
डिसिल्टिंग एक माह लेट : जहां सफाई हो रही वहां रफ्तार कम
कोरोना कर्फ्यू के कारण इस बार शहर में सीवरेज की डिसिल्टिंग का शेड्यूल पूरी तरह लटक गया है। हर साल मार्च माह में शुरू होने वाला यह काम फिलहाल कुछ ही एरिया में शुरू हो पाया है तथा शहर में 50 से अधिक एरिया में त्रिवेणी ने डिसिल्टिंग का काम पूरा करना है। प्रतिबंधों के बीच इस प्रोजेक्ट को पूरा करना निगम व सीवरेज विभाग के लिए बड़ा चैलेंज बना हुआ है। कर्मियों की संख्या में कमी के साथ-साथ संसाधनों की कमी इस काम को ओर बोझिल बना रही है। शहर में वर्तमान में करीब 600 किलोमीटर लंबा सीवरेज सिस्टम है, जिसमें कई बड़े एरिया व मेन सीवरेज को कवर किया जाना है, लेकिन अभी तक मेन सीवरेज को डिसिल्टिंग का काम शुरू नहीं हो पाया है।
वहीं शहर में 23 हजार से अधिक रोड जालियां हैं जिसे क्लियर करने को लेकर मार्च में निगम ने टेंडर लगाया था, लेकिन यह टेंडर भी अब एक्सटेंड किया जा रहा है। पिछले मानसून में रोड जालियों साफ नहीं होने व राइजिंग मेन नहीं बनने से बठिंडा वासियों को बेहद कठिन दौर से जूझना पड़ा था तथा अब भी करीब-करीब हालात ठीक वैसे ही नजर आ रहे हैं।
राइजिंग मेन का काम थमा
शहर के लिए लाइफलाइन बनी हुई करीब 12 किलोमीटर की लसाड़ा राइजिंग मेन का काम थमा हुआ है। हालांकि एसडीएम अमरिंदर सिंह टिवाणा पिछले वर्ष सितंबर-अक्टूबर में जमीन क्लियरेंस को फाइनल करने में कामयाब हो गए थे, लेकिन करीब 4 एकड़ की जगह को एक्वायर करने में प्रशासन अभी कामयाब नहीं हुआ है।
मीटिंग कर करेंगे रिव्यू
डिसिल्टिंग का काम कई एरिया में शुरू किया गहै, लेकिन रोड जालियों आदि के टेंडर की समय सीमा कर्फ्यू व लॉकडाउन की वजह से बढ़ानी पड़ी है। कुछ दिनों पहले सीवरेज विभाग से डिसिल्टिंग प्रोजेक्ट पर मीटिंग हुई थी। अाज पुन: अधिकारियों से रिव्यू मीटिंग करूंगा जिसके बाद पूरी जानकारी देना संभव होगा।बिक्रमजीत सिंह शेरगिल, कमिश्नर, बठिंडा

إرسال تعليق