प्रखंड के जीतुटोली स्थित उच्च विद्यालय में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें गांधी दल, बिरसा दल, जवाहर दल और इग्नासियुस दल के विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। सेवानिवृत शिक्षिका दिव्या तिग्गा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल के माध्यम से भी काफी ऊंचाई तक पहुंचा जा सकता है। सरकार द्वारा भी बच्चों को खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है और जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेल की ओर भी ध्यान दें। खेल से आपसी सदभाव बढ़ता है। प्रतियोगिता में एक सौ मीटर, दो सौ मीटर, चार सौ मीटर, आठ सौ मीटर और 15 सौ मीटर के रिले रेस का आयोजन हुआ। ऊंची कूद, लंबी कूद प्रतियोगिताएं भी हुईं। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। 122 अंक प्राप्त कर बिरसा दल प्रथम स्थान पर रहा। आयोजन में विद्यालय प्रबंधन समिति के एफ्रेम कंडुलना, अजीत कंडुलना, अनसेलेम सुरीन, प्रधानाचार्य फादर एरिक कुल्लू, फादर जेवियर सोरेंग, नीलम लुगुन, विमला सुरीन, शीतल आदि उपस्थित थे।
विजेता खिलाड़ी।

إرسال تعليق